चंबा व कुल्लू की वादियों में गूंजा पंगवाल समुदाय का जुकारू उत्सव

जिला चंबा व कुल्लू में पांगी घाटी का पारंपरिक जुकारु उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। चंबा में लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के अधिशासी अभियंता इंजीनियर जीत सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद घाटी के युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

जीत सिंह ठाकुर ने उपस्थित लोगों को जुकारु उत्सव की शुभकामनाएं दी और कहा कि बीते कई दशकों से पांगी घाटी में जुकारु उत्सव मनाया जाता है। इस उत्सव में घाटी के लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने के साथ-साथ बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद भी प्राप्त कर गले मिलते हैं। उन्होंने सभी युवाओं को जीवन में सफल होने के लिए कठिन परिश्रम करने का मूल मंत्र दिया।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी युवा वर्ग इसी प्रकार एकजुट होकर अपनी संस्कृति को बढ़ावा दे। देश व विदेश में पांगी का नाम रोशन करें। इस दौरान पांगी कल्याण संघ चंबा के अध्यक्ष भगत बढोत्रा ने सभी लोगों का आभार प्रकट किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पांगी घाटी के लोग मौजूद रहे। जिला मुख्यालय चंबा के साथ जिला मुख्यालय कुल्लू में भी जुकारू उत्सव मनाया जा रहा है।

आपको बताते चलें की राजधानी शिमला व धर्मशाला में भी जुकारु उत्सव को 21 फरवरी को बड़े धूमधाम से घाटी के युवाओं व लोगों द्वारा मनाया गया। उधर, जिला कुल्लू में भी जुकारू उत्सव पांगी कल्याण संघ व छात्र संगठन कुल्लू द्वारा मनाया गया।

इस दौरान पांगी कल्याण संघ चंबा के अध्यक्ष भगत बढोत्रा ने बताया कि संघ पिछले काफी समय से पंगवाल समुदाय के हित में कार्य कर रहा है। बात चाहे पांगी घाटी की किसी समस्या की हो चाहे क्षेत्र में विकास कार्यों की हर समय एकजुट होकर संघ कार्य कर रहा है।

इस दौरान उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया जिन्होंने इस भव्य कार्यक्रम के लिए सहयोग राशि जमा करवाने में अपना योगदान दिया था। भगत ने बताया कि पांगी घाटी के वालीन वासिनी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए कमेटी द्वारा पांगी कल्याण संघ चंबा से धनराशि जमा करवाने का आग्रह किया था। कुछ समय में ही संघ द्वारा जीर्णोद्धार कमेटी के खाते में दो लाख से अधिक धनराशि जमा की गई है।