अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले का मुख्य आरोपी रोहित सूरी मुंबई से गिरफ्तार

 हिमाचल के ऊना (Una) जिला में हुए अवैध पटाखा फैक्टरी ब्लास्ट मामले (Firecracker Factory Blast Case) के मुख्य आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसआईटी ने मुख्य आरोपी रोहित सूरी (Rohit Suri) को मुंबई से गिरफ्तार किया है। यह अवैध पटाखा फैक्टरी नंगल पंजाब निवासी रोहित सूरी की थी। सीएम जयराम ने आज सदन में भी इस संबंध में जानकारी दी। फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद से रोहित फरार था और एसआईटी उसकी तलाश कर रही थी। बता दें कि ऊना फैक्ट्री ब्लास्ट हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कुछ घायल भी हैं जिसमें से एक की अभी भी हालत गंभीर है। बाथू के पटाखा फैक्टरी में हुए ब्लास्ट में छह महिलाएं मौके पर ही जिंदा जल गई थी, जबकि बीस के करीब लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे।

जिनमें कुछ ऊना जोनल अस्‍पताल व कुछ को पीजीआइ (PGI) चंडीगढ़ में उपचाराधीन किया था। लेकिन गंभीर रूप से झुलसे पांच और लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। वहीं पुलिस ने इस मामले में अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से लेबर के ठेकेदार गुलफाम मुहम्‍मद को पिछले दिनों मेरठ उत्‍तर प्रदेश से गिरफ्तार (Arrest) किया था। बताया जा रहा है कि रोहित सूरी के पार्टनर निखिल सोनी को भी जल्द ही पुलिस गिरफ्तार कर सकती है। बाथू पटाखा उद्योग पूरी तरह से अवैध रूप से चल रहा था। एसपी ऊना अर्जित सेन ने मामलें की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपित रोहित सूरी को मुंबई से गिरफ्तार करके ऊना लाया जा रहा है और दूसरे आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।