DR,RAJIV SAIZAL KASAULI

डाॅ. सैजल ने फोरलेन कार्य के कारण आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा तथा फोरलेन निर्माण कार्यों से प्रभावित व्यक्तियों को समय-समय पर नियमानुसार मुआवजा प्रदान कर रही है तथा इस दिशा में अधिकारियों को भी तत्परता के साथ कार्य करना होगा। प्रदेश सरकार राज्य के संतुलित विकास के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को समय पर राहत पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है। डाॅ. सैजल आज कसौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुम्हारहट्टी में राष्ट्रीय उच्च मार्ग के फोरलेन निर्माण कार्य से क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण करने के उपरांत प्रभावित परिवारांे से विचार विमर्श कर रहे थे। 
डाॅ. सैजल क्षेत्र में प्रत्येक प्रभावित परिवार से मिले तथा उन्हें निर्माण कार्य से हुए नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्टीय उच्च मार्ग प्राधिकरण तथा निर्माण कार्यों में संलग्न कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि फोरलेन कार्यों में स्थानीय आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए और निर्माण कार्य इस प्रकार किया जाए कि पारंपरिक जल स्त्रोत इत्यादि सुरक्षित रहें। 
उन्होंने कुम्हारहट्टी में राष्ट्रीय उच्च मार्ग के फोरलेन कार्य से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का निरीक्षण किया तथा उपमण्डलाधिकारी सोलन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए। 
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में संलग्न कंपनी जल की समुचित निकासी सुनिश्चित बनाएं ताकि लोगों की जमीन व मकान को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि फोरलेन में निर्मित किए जा रहे कलवर्ट सही स्थापित किए जाएं ताकि वर्षा के पानी से जमीन को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो। उन्होंने स्थानीय निवासियों की कृषि योग्य भूमि को सड़क पर बहने वाले पानी के कारण हो रहे नुकसान की समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। 
डाॅ. सैजल ने तदोपरांत धर्मपुर में स्थानीय लोगों की विभिन्न संपर्क मार्गों से सम्बन्धित समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र के हिम्मतपुर-द्राबली से बशोलू-धर्मपुर सम्पर्क मार्ग से सम्बन्धित समस्या के समाधान का भी आश्वासन दिया। 
सहकारिता मंत्री ने युवक मंडल गड़खल के आग्रह पर गड़खल गांव में खेल मैदान बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कोटी गांव में पुराने बिजली के खम्बे को बदलने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। 
उन्होंने विश्राम गृह धर्मपुर में क्षेत्रवासियांे की विद्युत, पानी तथा सड़क सम्बन्धी समस्याओं को सुना तथा इनके निपटारे के सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, बीडीसी सदस्य किरण प्रकाश, खलोगड़ा सहकारी सभा के अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत धर्मपुर के उप प्रधान सुशील शर्मा, पूर्व प्रधान रमेश चैहान, भाजपा के वरिष्ठ नेता हरीश चड्ढा, धनीराम स्याल, सतीश शर्मा, परविंद्र चैहान, सुरजीत लांबा, उपमंडलाधिकारी सोलन रोहित राठौर, राष्ट्रीय उच्च मार्ग के परियोजना निदेशक अशोक रूलानिया, ग्रिल कंपनी के परियोजना प्रबंधक बलविन्द्र सिंह सहित स्थानीय निवासी उपस्थित थे।