बिलासपुर: पोस्टमार्टम को ले जाते तेंदुए के दो दांत गायब, विभाग ने बैठाई जांच

पोस्टमार्टम के दौरान पाया गया कि तेंदुए के मुंह के नीचे वाले दोनों बड़े दांत भी गायब हैं। वहीं ऊपर के हिस्से का एक दांत आधा टूटा हुआ मिला।

वन विभाग की निगरानी में पोस्टमार्टम को ले जाते हुए पशु चिकित्सालय पहुंचने से पहले ही तेंदुए के दो दांत गायब हो गए हैं।

इससे विभाग में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों की भूमिका संदेह के घेरे में है। जानवरों के अंगों की तस्करी की आशंका के बीच विभाग ने जांच बैठा दी है। दरअसल, बीते मंगलवार को भराड़ी के वन खंड निहारी के छंदोह में शिकारियों ने गोली मारकर करीब साढ़े सात फुट के एक तेंदुए को मार दिया था।

सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तेंदुए के शव को झाड़ियों से उठाकर सड़क पर लाया गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लिया।

शिकारी तेंदुए के एक बड़े दांत को ले गए थे जबकि तीन दांत सही सलामत थे। वन विभाग के कर्मचारियों ने तेंदुए के शव को गाड़ी में डालकर पोस्टमार्टम के लिए दधोल स्थित पशु चिकित्सालय पहुंचाया। पोस्टमार्टम के दौरान पाया गया कि तेंदुए के मुंह के नीचे वाले दोनों बड़े दांत भी गायब हैं।

वहीं ऊपर के हिस्से का एक दांत आधा टूटा हुआ मिला। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि विभाग की निगरानी में तेंदुए के दो दांत कैसे गायब हो गए। तेंदुए का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर सुशील शर्मा ने बताया कि तेंदुए की मौत गोली लगने से हुई है।

पोस्टमार्टम के दौरान तेंदुए के मुंह के नीचे वाले दोनों दांत गायब थे। ऊपर के हिस्से का एक दांत आधा टूटा हुआ था। मुख्य अरण्यपाल बिलासपुर अनिल शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए विभागीय देखरेख में तेंदुए को ले जाया गया था। इस बीच उसके दांत कैसे गायब हुए, इसकी जांच विभाग कर रहा है।