बेसिर-पैर के मुद्दे उठा रहा विपक्ष, ‘प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रम के शुभारंभ पर बोले सीएम

वर्तमान राज्य सरकार ने अपना साढ़े चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर लिया है। इस अवधि में राज्य का संतुलित और चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष को यह नजर नहीं आ रहा है, तभी तो विपक्षी नेता बेबुनियाद मुद्दों को उठा रहे हैं। अब चुनाव नजदीक आते ही इन्हें बेरोजगार और कर्मचारी याद आ रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को ऐतिहासिक चंबा चौगान में हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्षों के उपलक्ष्य पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम ‘प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष’ का शुभारंभ पर कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि इस वर्ष देश अपनी आजादी के 75 वर्ष का उत्सव मना रहा है। साथ ही हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 75 वर्ष मना रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने इन 75 वर्षों में सभी क्षेत्रों में अतुलनीय विकास और प्रगति की है, जिसका श्रेय प्रदेश के प्रत्येक मेहनतकश और ईमानदार व्यक्ति को जाता है। विभिन्न बाधाओं के बावजूद हिमाचल प्रदेश को देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक बनाने के लिए प्रदेशवासियों ने पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्षों पर आधारित गीत भी जारी किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा निर्मित हिमाचल प्रदेश के 75 वर्षों के गौरवशाली इतिहास पर आधारित एक वृत्तचित्र को भी प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष हंस राज, मुख्य सचेतक विक्रम जरयाल, सदर विधायक पवन नैय्यर, जिला मार्केट कमेटी के चेयरमैन डीएस ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर, उपायुक्त डीसी राणा व पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

चौगान को रोशन करने का ऐलान

मुख्यमंत्री ने उन्होंने चंबा चौगान के सौंदर्य को और अधिक निखारने के लिए यहां रोशनी की उचित व्यवस्था करने की भी घोषणा की। उन्होंने बचत भवन में प्रधानमंत्री के मन का बात कार्यक्रम को भी सुना। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा हिमाचल तब और अब थीम पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।