यहां किसी का टिकट पक्का नहीं, न सीएम का, न मेरा और न सत्ती का : धूमल

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हिमाचल में भाजपा हमेशा इतिहास रचती रही है। अब नया इतिहास रच रहे हैं। इस बार मिशन रिपीट होगा।  नड्डा के किसी की टिकट पक्की न होने के पूछे गए सवाल पर धूमल ने कहा कि नड्डा ने पुरानी बात ही दोहराई है, जो परंपरा रही है। टिकट किसी का पक्का नहीं होता। यहां कन्फर्म टिकट की कोई बात नहीं है। पार्टी किसे क्या आदेश दे, यह कोई नहीं जानता। आज कोई मुख्यमंत्री नहीं कह सकता कि मेरी टिकट पक्की है। कोई मंत्री, कोई पूर्व विधायक नहीं कह सकता कि उनकी टिकट पक्की है। यहां तक कि मैं और सत्ती भी नहीं कह सकते कि हमारी टिकट पक्की है। 

केजरीवाल को हिमाचल में कोई स्थान नहीं मिलेगा

केजरीवाल के संदर्भ में धूमल ने कहा कि वह क्या कहते हैं, इसका कोई महत्व नहीं है। वह विरोधी दल है और वह कुछ भी कहेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने कभी भी तीसरे विकल्प को नहीं चुना है और न ही आम आदमी पार्टी का हिमाचल में कोई वजूद बनेगा। आने वाले विस चुनावों में भाजपा की सरकार बनेगी और आप का सूपड़ा साफ हो जाएगा। यह बात अपने ऊना दौरे के दौरान पत्रकार वार्ता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कही। धूमल ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक सहित सैन्य क्रियाकलापों पर सवाल खड़े करने वाले अरविंद केजरीवाल को हिमाचल में कोई स्थान नहीं मिलेगा। अरविंद केजरीवाल वही नेता है जो अपने सैनिकों पर भरोसा करने की बजाय विदेशी मीडिया द्वारा फैलाए झूठ पर भरोसा करता है। ऐसे में अरविंद केजरीवाल को हिमाचल प्रदेश की जनता सिरे से नकारने वाली है।

यदि सरकार के पास संसाधन हैं तो दे सकती है सुविधाएं

धूमल ने कहा कि यदि सरकार के पास संसाधन हैं तो सरकार अपने नागरिकों को सुविधा दे सकती। यदि सरकार को इसके लिए कर्ज लेना पड़े तो सरकार को भी पहले सोच-विचार करना चाहिए। यदि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस तरह की घोषणा की है तो निश्चित रूप से प्रदेश सरकार ने सोच-विचार कर तय रणनीति के तहत फैसला लिया है।