यूक्रेन से छात्रों को लाए सरकार, कुलदीप राठौर बोले, कीव में फंसे हिमाचली छात्र कर रहे संघर्ष

रूस-यूक्रेन युद्व के बाद बन रहे हालातों के बाद यूक्रेन में फंसे हिमाचली विद्यार्थियों को लेकर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र व राज्य सरकार से इन विद्यार्थियों की सकुशल घर वापसी की मांग की है। सोमवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में मीडिया से अनौपचारित बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि युद्ध के कारण यूक्रेन में आए दिन हालात खराब हो रहे हैं और वहां अध्यनरत भारतीय छात्र अपनी सुरक्षित वतन वापसी के प्रति चिंतित हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विश्व के कई देशों ने युद्व की आशंका को देखते हुए यूक्रेन में पढ़ रहे अपने छात्रों की वतन वापसी के लिए समय रहते कदम उठाए, परंतु उस समय भारत सरकार ने इस पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि अगर भारत सरकार भी अन्य देशों की भांति समय रहते उचित कदम उठाती, तो आज यूक्रेन में पढ़ रहे विद्यार्थियों को इन परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया के समक्ष कीव में फंसे हिमाचल प्रदेश के छात्रों से वीडियो कॉल के माध्यम से जमीनी हकीकत की जानकारी ली।

वीडियो कॉल पर कीव से कांगड़ा जिला के छात्र विनायक व अन्य छह विद्यार्थियों ने कहा कि हम अपने रिस्क पर कीव से बाहर निकल रहे हैं। भारतीय दूतावास ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ दिया है कि हम केवल आपको रेलवे स्टेशन तक पंहुचा सकते हैं। इन विद्यार्थियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष गुहार लगाते हुए कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की सकुशल वतन वापसी के लिए केंद्र व हिमाचल सरकार तक उनकी आवाज पंहुचाई जाए।