हिमाचल कांग्रेस को झटका: सीएम जयराम की मौजूदगी में दो विधायकों ने थामा भाजपा का दामन

प्रदेश कांग्रेस के दो विधायकों कांगड़ा से पवन काजल और नालागढ़ से लखविंद्र राणा ने बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया है।

कांग्रेस विधायक लखविंद्र राणा और पवन काजल भाजपा में शामिल।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस के दो विधायकों कांगड़ा से पवन काजल और नालागढ़ से लखविंद्र राणा ने बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया है। सीएम जयराम ठाकुर की मौजूदगी में दोनों विधायकों ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे। जिला परिषद के रास्ते राजनीति में काजल राजनीति में आए।

पहले निर्दलीय विधायक बने थे। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस में लाया। वहीं, लखविंद्र राणा नालागढ़ विधानसभा हलके में वीरभद्र परिवार के करीबी और पिछली बार निर्दलीय चुनाव लड़े बावा हरदीप सिंह से हमेशा टकराव में रहे। गौरतलब है कि भाजपा में जाने की अटलकों के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को पवन काजल को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पद से हटाकर पूर्व सांसद चंद्र कुमार को इस पद का जिम्मा सौंपा है।
 विपक्षी दल के लिए बड़ा झटका,  एक और विधायक संपर्क में
कांग्रेस के दो विधायकों का इस तरह से भाजपा में जाने से सत्तारूढ़ होने को आतुर विपक्षी दल के लिए यह बड़ा झटका है। भाजपा ने यूपी और उत्तराखंड के बाद हिमाचल में भी सत्ता में बने रहने की रणनीति के तहत बड़ा झटका दिया। कांग्रेस का मनोबल तोड़ने की मुहिम के तहत बड़ी सियासी चाल चली। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष खीमी राम के कांग्रेस में जाने के बाद बड़ा मास्टर स्ट्रोक चला है। एक और कांग्रेस विधायक को भी भाजपा में मिलाने की तैयारी है। पार्टी के अनुसार विधायक से अभी इस बारे में बातचीत चल रही है।