कांग्रेस का राजभवन के बाहर महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि आज का हल्लाबोल कार्यक्रम केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ एक जन प्रदर्शन है। 

राजभवन के बाहर प्रदर्शन।

प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को राजभवन के बाहर महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। राज्यपाल से मिलने के लिए राजभवन का गेट नहीं खोला गया। इसके विरोध में काग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित अन्य नेता गेट के पास ही सड़क पर बैठकर विरोध जताते रहे। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में देश मे बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी में बढ़ोतरी और सेना में ठेका प्रथा अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने विरोध किया। केंद्र की मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और निर्णयों ने देश को बर्बादी की राह पर ला दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। केंद्र की मोदी सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने की साजिश रच रही है। कांग्रेस भाजपा की इन ओछी हरकतों से घबराने वाली नहीं है और एकजुटता के साथ इसका मुकाबला करेगी। 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसी समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस नेताओं को झूठे केसों में फंसाया जा रहा है। जांच एजेंसियों पर दबाव बना कर उनके नेताओं को बदनाम करने की साजिश रच रही है। 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि आज का हल्लाबोल कार्यक्रम केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ एक जन प्रदर्शन है। कांग्रेस का यह हल्लाबोल आज पूरे देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और अग्निपथ योजना के विरोध में है। यह विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार लोगों को कोई राहत नहीं देती। देश की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर भाजपा कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी को बदनाम करने की पुरजोर कोशिश कर रही है। 
 
ये नेता रहे मौजूद
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, विधायक रोहित ठाकुर, मोहनलाल ब्राक्टा, जिला शिमला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी,  ग्रामीण के अध्यक्ष अतुल शर्मा, पूर्व विधायक आदर्श सूद, केहर सिंह खाची, नरेश चौहान, अमित नंदा, हरीश जनारथा, युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।