जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही मोदी सरकार

शिमला, 04 अगस्त : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस पार्टी के स्वामित्व वाली नेशल हेराल्ड के कार्यालयों में ईडी की छापेमारी की आलोचना करते हुए कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार देश की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उनका कहना है कि भाजपा ने देश में राजनैतिक उत्त्पीडऩ की एक नई परम्परा को शुरू कर दिया है जो देश के लोकतंत्र के लिए एक बहुत बड़ा खतरा साबित होगा।

प्रतिभा सिंह ने बुधवार को कहा कि आजादी के बाद देश में यह एक ऐसी सरकार है जो अपने राजनैतिक विरोधियों को जांच एजेंसियों का डर दिखा कर उन्हें डराने का असफल प्रयास कर रही है। लेकिन कांग्रेस इस सबसे घबराने वाली नहीं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश आज गंभीर चुनोतियों बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी जैसी समस्याओं से गुज़र रहा है। देश की अर्थव्यवस्था डगमगा रही है।

भारतीय मुद्रा का दिनों दिन अवतरण हो रहा है। भाजपा की सरकार इन गंभीर चुनौतियों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए,विपक्ष की आवाज दबाने के लिए कभी ईडी, कभी इनकम टैक्स तो कभी सीबीआई जांच शुरू करवा रही है। उन्होंने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार देश की न्याय व्यवस्था को प्रभावित नहीं कर सकती और कांग्रेस को देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। प्रतिभा सिंह ने प्रदेश की जयराम सरकार को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि उन्होंने प्रदेश को भारी कर्ज के बोझ तले डुबो दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने है,ऐसे में मुख्यमंत्री लोगों को गुमराह करने में जुटे है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश पर 70 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज हो गया है। मुख्यमंत्री घोषणाओं पर घोषणाएं कर रहें है। सरकारी खजाना पूरी तरह खाली हो गया है। कर्मचारियों को बेतन व उनके देय भत्ते देने के लाले पड़े है।