ज्येष्ठ सोमवार को शिव मंदिर मे %बम भोले% की धूम

ज्येष्ठ सोमवार को शिव मंदिर मे %बम भोले% की धूम

शिवबाड़ी मंदिर गगरेट में सोमवार को लगी श्रद्धालुओं की कतार। संवाद
गगरेट (ऊना)। जिला ऊना के गगरेट क्षेत्र में हिमालय की तलहटी में बसे प्राचीन द्रोण शिव मंदिर शिव बाड़ी में सावन माह के ज्येष्ठ सोमवार को सुबह से ही शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। प्राचीन आस्था के केंद्र इस शिवबाड़ी मंदिर में दूर-दूर से आने वाले शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मुख्य पुजारी अजय और अश्विनी शर्मा के अनुसार श्रावण मास शिव का प्रिय माह होता है। इस माह भगवान शिव की सच्चे मन से स्तुति करने से शिव प्रसन्न हो जाते हैं। शिव भक्त प्रिंस, इंद्रजीत डडवाल, सुशील, रमणीक ने कहा कि इस माह शिव की विशेष कृपा की प्राप्ति होती है।

शिव मंदिरों में गूंजे भोले के जयकारे
संतोषगढ़ (ऊना)। सावन महीने के पहले सोमवार को शहर के शिवालयों में हर-हर महादेव, जय शिव ओमकारा की गूंज सुनाई दी। सुबह-सवेरे से ही श्रद्धालुओं की मंदिरों में खासी भीड़ रही। शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्घालुओं ने शिवलिंग पर दूध, गंगाजल, पंचामृत से अभिषेक किया।

शिवलिंगों को पुष्प, बेलपत्र, आक, धतूरे से सजाकर आरती भी की गई। इस दौरान मंदिरों में घंटी, शंख व झालर के बीच भोलेनाथ के उद्घोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। शहर के सोमेश्वर महादेव मंदिर, खानेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन शिवालय मंदिर, बाजार वाले मंदिर, प्राचीन गीता भवन मंदिर सहित समीपवर्ती गांवों सनोली, अजोली, मोजोवाल, खानपुर स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
कई लोगों ने पंडितों की मौजूदगी में भगवान शिव का महाभिषेक किया। वहीं, सावन मास में एक महीने तक प्रत्येक शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का दौर चलेगा।