पहलगाम में ITBP जवानों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 6 शहीद…30 की हालत गंभीर

जम्मू-कश्मीर, 16 अगस्त :  जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां ITBP के जवानों से भरी बस नदी में जा गिरी। कई फुट गहरी इस खाई में गिरने के कारण बस के परखच्चे उड़ गए हैं। हालांकि खुफिया विभाग इसके पीछे किसी साजिश की भी जांच कर रहा है। बताया जा रहा है कि बस में 39 जवान सवार थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त सूचना के अनुसार 39 कर्मियों (ITBP के 37 और जम्मू-कश्मीर पुलिस के 2) को ले जा रही सिविल बस के ब्रेक फेल होने के बाद नदी के किनारे गिर गई। यह बस सैनिकों को चंदनवाड़ी से पहलगाम की ओर लेकर जा रही थी। हादसे में 6 जवान शहीद हो गए, जबकि 30 की हालत गंभीर बताई जा रही हैं। वहीं तीन जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज पहलगाम और अनंतनाग के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए जवानों को श्रीनगर ले जाया जा रहा है।

बता दें कि जहां पर यह हादसा हुआ है, वह पहलगाम से 16 किलोमीटर से दूर है, इसी जगह को अमरनाथ यात्रा का शुरुआती प्वाइंट माना जाता है। जानकारी है कि हादसे के शिकार हुए यह जवान अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी करके वापस लौट रहे थे।