पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 78वीं जयंती, शहरी विकास मंत्री ने अर्पित की पुष्पांजलि

शिमला, 20 अगस्त : देश के पूर्व प्रधानमंत्री व दिवंगत कांग्रेस नेता राजीव गांधी की आज 78वीं जयंती है। देश आज उनकी जयंती पर उन्हें याद कर रहा है। राजीव गांधी के जन्मदिन को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। शिमला में सरकार व विपक्ष के नेताओं ने छोटा शिमला के सद्भावना चौक पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।

 

इस दौरान शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश की एकता व अखंडता के लिए बलिदान दिया। आज के दिन को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जा रहा है यह प्रतिज्ञा ली गई है कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सभी संविधान के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। राजीव गांधी ने कम उम्र में ही देश के लिए बलिदान दिया।

ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि देश उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ता रहें। वहीं इस दौरान कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजीव गांधी देश के युवा प्रधानमंत्री थे, वह नई क्रांति देश के अंदर लेकर आए। पंचायती राज का गठन व आईटी के क्षेत्र में क्रांति राजीव गांधी लेकर आए। देश आज उन्हें नमन कर रहा है और उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।