बंद कमरे में मिले महेंद्र सिंह ठाकुर और सुखविंद्र सिंह सुक्खू…साथ किया डिनर

मंडी, 16 अगस्त : हिमाचल सरकार के कद्दावर मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू  की सुंदरनगर स्थित सुकेत सदन के बंद कमरे में मुलाकात हुई। यह मुलाकात रविवार रात 8 से साढ़े दस बजे के बीच हुई है और दोनों नेताओं ने डिनर भी साथ ही किया है।

हालांकि इस दौरान सुंदरनगर से भाजपा के विधायक राकेश जम्वाल और बल्ह से भाजपा के विधायक इंद्र सिंह गांधी भी वहीं पर मौजूद थे। डिनर इन चारों नेताओं ने एक साथ किया, लेकिन डिनर के बाद राकेश जम्वाल और इंद्र सिंह गांधी वहां से चले गए, जबकि महेंद्र सिंह ठाकुर और सुखविंद्र सिंह  सुक्खू की बंद कमरे में मुलाकात का दौर चलता रहा।

मिली जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह ठाकुर का रविवार को रात्रि विश्राम सुकेत सदन में ही था। रेस्ट हाउस का वीआईपी सेट महेंद्र सिंह ठाकुर के लिए, जबकि अन्य कमरे उनके स्टाफ के लिए बुक थे। ऐसे में रात करीब 8 बजे सुखविंद्र सिंह ठाकुर यहां पहुंचे। इस मुलाकात को इस तरह से दर्शाया गया कि सुक्खू यहां रात्रि विश्राम के लिए आए थे, जबकि उनके लिए एक निजी होटल में पहले से कमरा बुक था।

 ऐसे में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बंद कमरे में हुई दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद अब चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि बंद कमरे में दोनों नेताओं के बीच क्या चर्चा हुई, इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।