भारद्वाज-सत्ती-बिंदल को बड़ी जिम्मेदारी, शिमला नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने लगाए प्रभारी

भाजपा ने नगर निगम चुनाव के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं की टीम घोषित कर दी है। कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती और राजीव बिंदल यह चुनाव करवाएंगे। त्रिलोक जम्वाल, महेंद्र धर्माणी और बिहारी लाल शर्मा इनके साथ सह प्रभारी होंगे। भाजपा सर्वे करवाने के बाद शिमला नगर निगम के 41 वार्डों के लिए प्रत्याशियों का चयन करेगी। यह जानकारी भाजपा राज्य सहप्रभारी संजय टंडन ने दी। अगले 15 दिन में भाजपा नगर निगम शिमला के चुनावों को लेकर पूरा रोड मैप बना लेगी।भाजपा सहप्रभारी संजय टंडन ने कहा कि भाजपा की प्रदेश शाखा आने वाले नगर निगम शिमला चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। भाजपा साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी रोड मैप तैयार कर रही है।

संजय टंडन ने कहा कि रविवार की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के साथ नगर निगम शिमला को लेकर रणनीति भाजपा ने तय कर ली है और तीन सीनियर लीडर की ड्यूटी नगर निगम को लेकर लगा दी गई है। चुनावों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, मंत्री सुरेश भारद्वाज एवं विधायक डा. राजीव बिंदल की एक समिति का गठन कर दिया गया है और इनके सहयोग में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, सचिव बिहारी लाल शर्मा और महेंद्र धर्माणी सहयोगी के रूप में काम करेंगे। टंडन ने कहा कि आने वाले समय में इन नगर निगम चुनावों के 41 वार्डों के प्रभारियों की नियुक्ति भी जल्द हो जाएगी।