सैनिकों के गांव में शान से लहराया तिरंगा, 101 साल के बुजुर्ग बने चीफ गेस्ट

शिमला, 16 अगस्त: आजादी के अमृत महोत्सव को हर घर में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। शिमला के चौपाल उपमंडल की पुजारली पंचायत के किहरी गांव में भी एक खास नजारा था। 101 साल के सावन सिंह को कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाया गया। पूर्व सैनिक रविंद्र सिंह राठौर, उपेंद्र सिंह, देव कारिज के भंडारी राजेंद्र सिंह विशेष तौर पर मौजूद थे।

गांव में पहली बार सामूहिक तौर पर इस तरह का आयोजन करने का बीड़ा महिला मंडल ने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर उठाया था। बच्चों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गांव की महिलाएं रोजमर्रा के कार्य को छोडकर देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। ग्रामीणों ने बताया कि सामूहिक तौर पर गांव के हरेक परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।

कार्यक्रम में हरेक उम्र के लोगों का जोश देखने लायक था। कार्यक्रम गांव के महासू देवता महाराज के प्रांगण में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय गान की धुन समूची घाटी में एक अलग ही ऊर्जा का संचार कर रही थी।