हिमाचल में बढ़ेंगी कांग्रेस की मुश्किलें, भाजपा में शामिल हो सकते हैं दो कांग्रेसी विधायक..!

शिमला, 17 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। कांग्रेस के दो विधायक भाजपा का दामन थामने को तैयार हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कांगड़ा औऱ सोलन जिला से ताल्लुक रखने वाले एक-एक विधायक कांग्रेस में भाजपा हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों कांग्रेसी विधायक दिल्ली में हैं और भाजपा किसी भी वक्त दोनों विधायकों के पार्टी में शामिल होने का ऐलान कर सकती है। राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप को भी मंगलवार शाम दिल्ली बुला लिया गया।
भाजपा का यह पैंतरा कांग्रेस को बड़ा झटका देने वाला साबित होगा, क्योंकि दोनों विधायक जनाधार वाले नेता हैं और इनकी अपने-अपने हलकों में अच्छी पकड़ है।
प्रदेश भाजपा नेतृत्व लगातार दावा करता रहा है कि कांग्रेस के कुछ नेता उनके संपर्क में हैं औऱ भाजपा में शामिल होने का आतुर हैं।
बहरहाल सूबे में विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है तो दूसरी ओर कांग्रेस अपना कुनबा सहेजने में जुटी हुई है।
पार्टी नेतृत्व की ओर से छतीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को मुख्य पर्यवेक्षक और एआईसीसी सचिव राजीव शुक्ला को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। विधानसभा चुनाव में पार्टी को एकजुट रखने की कवायद की जा रही है।
यह अलग बात है कि पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी सत्तारूढ़ भाजपा को दो झटके दे चुकी है। पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व धूमल सरकार में मंत्री रहे खिमी राम और ठियोग के पूर्व विद्यायक दिवंगत राकेश वर्मा की पत्नी इंदू वर्मा भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
इस बीच कांग्रेस नेता व शिमला के कुसुम्पटी हल्के की मेहली पंचायत के प्रधान सुरेंद्र गर्ग ने अपने समर्थकों संग मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया।