12 मार्च को नाहन पहुंचेंगे अनुराग ठाकुर, जन आक्रोश रैली में लेंगे भाग

सत्ता में आने के बाद सुक्खू सरकार द्वारा धड़ल्ले से संस्थानों को डिनोटिफाइड किया गया। प्रदेश में लगभग 280 स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया। अलग-अलग टैक्स लगाकर जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।

कांग्रेस सरकार की इन नीतियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान के बाद अब भाजपा सड़कों पर उतरेगी। 12 मार्च को भाजपा कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकालेगी। जिसकी अगुवाई सूचना एवं जन प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे।

यह जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि महंगाई को रोना रो कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार महंगाई पर तो अंकुश नहीं लगा पाई, लेकिन तोहफे के तौर पर महंगाई में वृद्धि हुई है। सुखविंदर सिंह सुक्खू की कांग्रेस सरकार द्वारा कुछ ऐसे संस्थानों को डिनोटिफाइड कर दिया गया जो चुनाव से पहले सुचारू रूप से चल रहे थे।

संस्थानों के बंद होने के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना  पड़ रहा है। गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले गारंटियां दी थी, उनमें से अभी तक एक भी गारंटी को पूरा नहीं किया गया है। केवल आश्वासन देकर प्रदेश की जनता को ठगा जा रहा है।