17 बैंक खाते, दो कंपनियां, लाखों की ज्वैलरी, कई घर और प्लॉट- करोड़ों का आसामी निकला बालाघाट का रिटायर्ड इंजीनियर

एमपी के बालाघाट में विद्युत विभाग के रिटायर्ड असिस्टेंट इंजीनियर (EOW Raid On Balaghat Engineer) के घर छापे में करोड़ों की संपत्ति मिली है। ईओडब्ल्यू ने शुक्रवार सुबह इंजीनियर के घर छापा मारा जो अब भी जारी है। अब तक उसके 17 बैंक खातों, दो कंपनियां, लाखों के सोना-चांदी के आभूषण, छह घर और 12 प्लॉट के दस्तावेज मिले हैं। इंजीनियर की अकूत संपत्ति के वैल्यूएशन का काम अभी चल रहा है।

balaghat
बालाघाटः मध्य प्रदेश में भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों की काली कमाई के सामने आने का सिलसिला जारी है। दो दिन पहले भोपाल में चिकित्सा शिक्षा विभाग के क्लर्क के घर ईओडब्ल्यू के छापे में अकूत संपत्ति मिली थी। शुक्रवार को बालाघाट में विद्युत विभाग के रिटायर्ड असिस्टेंट इंजीनियर के पास से भी करोड़ों की संपत्ति मिली है। ईओडब्ल्यू की टीम ने सुबह पांच बजे ही उसके घर छापा मारा। कार्रवाई अभी भी जारी है।

विद्युत विभाग के रिटायर्ड असिस्टेंट इंजीनियर दयाशंकर प्रजापति के बालाघाट में भटेरा स्थित घर पर ईओडब्ल्यू ने शुक्रवार सुबह दबिश दी। ईओडब्ल्यू के डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई प्रारंभिक कार्रवाई में बालाघाट में दो आलीशान घरों के साथ 6 मकान, लगभग एक दर्जन प्लॉट और कई वाहन मिले हैं। बालाघाट के अलावा सिंगरौली और अन्य स्थानों पर भी उनके नाम पर संपत्तियों का पता चला है।

इंजीनियर ने अधिकांश संपत्तियां अपनी बनाई एक कंपनी के नाम पर ली हुई हैं। यह कंपनी उसने सरकारी नौकरी में रहते हुए शुरू की थी। कंपनी में करीब 80 लाख रुपये का निवेश अब तक सामने आया है। इंजीनियर ने इससे पहले भी एक कंपनी बनाई थी, जो अब बंद हो चुकी है।

अब तक की कार्रवाई में ईओडब्ल्यू को घर से 350 ग्राम सोना और तीन किलो से ज्यादा चांदी की ज्वैलरी मिली है। इंजीनियर के 17 बैंक खातों का भी पता चला है जो खुद उनके, पत्नी, बच्चों और कंपनी के नाम पर हैं। डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया कि जांच जारी है। अब तक जो संपत्तियां मिली हैं, उनके वैल्यूएशन का काम चल रहा है। इसके पूरा होने पर ही पूरी संपत्ति का खुलासा हो पाएगा।