मंडी की पहली Navy सैनिक महिला बनी 17 साल की “ऋषिता”, गांव पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत

सुंदरनगर (Sundernagar) के कांगू गांव की 17 वर्षीय ऋषिता शर्मा भारतीय नौसेना (Indian Navy) में सैनिक बनी है। इस उपलब्धि के साथ मंडी जिला में ऋषिता शर्मा को पहली महिला नौ सैनिक होने का गौरव हासिल हुआ है। 16 माह के कड़े प्रशिक्षण के बाद गांव पहुंचने पर ऋषिता शर्मा का परिजनों व ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।

गांव पहुंचने पर स्वागत करते परिजन

पिता विजय शर्मा व माता रजनी शर्मा ने बताया कि ऋषिता ने महावीर पब्लिक स्कूल से बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही सेना में जाने का मन बना लिया था। स्कूल से पास आउट होने के बाद दिल्ली (Delhi) में परीक्षा दी थी। परीक्षा पास करने के बाद उसने ओडिशा के आईएनएस चिल्का (INS Chilka) में कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिप प्रशिक्षण विशाखापटनम (Visakhapatnam) से पूरा किया।

बुधवार को 15 दिन की छुट्टी पर घर पहुंचने पर दादा दामोदर शर्मा, अजय शर्मा,पंचायत प्रधान कमल ठाकुर, उप प्रधान अजय ठाकुर व महिला मंडल प्रधान तुलसी देवी सहित सभी ने फूल मालाएं पहना कर ऋषिता का स्वागत किया। ऋषिता ने दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई मार्डन पब्लिक स्कूल कांगू से पूरी की है। विधायक राकेश जम्वाल ने इस उपलब्धि पर ऋषिता शर्मा और उसके परिजनों को बधाई व शुभकामनाएं दी है।

उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि कांगू की ऋषिता भारतीय नौसेना में चयनित होने वाली मंडी (Mandi) जिला की पहली महिला बनी है। ऋषिता की इस उपलब्धि से अन्य युवा भी सेना में जाने के लिए प्रेरित होंगे।