सोलन में प्राकृतिक खेती होने से 30 प्रतिशत यूरिया की खपत में आई गिरावट : सीमा बंसल

सोलन में कृषि विभाग किसानों की आय दोगुनी हो इसको लेकर प्रयासरत है। जिसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं भी चलाई जा रही है। सोलन के किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। ताकि पेस्टीसाइड के खर्चे को शून्य किया जा सके और किसानों की लागत को कम से कम कर उनका लाभ बढ़ाया जाए। किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए गाँव गाँव जा कर कृषि विभाग जागरूकता शिविर लगा रहा है प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को सरकार द्वारा विभिन्न लाभ भी दिए जा रहे है। यह जानकारी जिला कृषि अधिकारी सीमा बंसल ने मीडिया को दी।

जिला कृषि अधिकारी सीमा बंसल ने बताया कि अभी तक कृषि विभाग 9105 किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक कर चुके है। 800 हेक्टेयर भूमि पर सोलन के किसान प्राकृतिक खेती कर रहे है। उन्होंने बताया कि कुछ किसान प्राकृतिक खेती में बहुत अच्छा लाभ भी कमा रहे है। जो अन्य किसानों के लिए प्रेरणा के स्त्रोत बनते जा रहे है। उन्होंने बताया कि जो किसान प्राकृतिक खेती कर रहे है उन्हें देसी गाय भी उपलब्ध करवा रहे है। जिसमें 25 हज़ार रूपये तक का अनुदान दे रहे है। इसके अलावा ड्रम भी उपलब्ध करवा रहे है। जल्द किसानों से 10 रुपये प्रति किलो गोबर भी खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि यूरिया की खपत में 30 प्रतिशत की गिरावट आई है।