शोंग टोंग कड़छम बिजली परियोजना में 396 करोड़ की धोखाधड़ी : अलका लांबा

congress leader alka lamba

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। रेणुका जी में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शोंग टोंग कड़छम बिजली…

नाहन : कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। रेणुका जी में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शोंग टोंग कड़छम बिजली परियोजना में सीधे तौर पर 396 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी हुई है और इसमें ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि सिरमौर में मीटर की खरीद पर भ्रष्टाचार करते हुए 65 रुपए प्रति मीटर दाम वाले बिजली के मीटर 2572 रुपए में खरीदे गए हैं। यह भी कहा कि रेणुका जी बांध परियोजना के विस्थापितों के साथ जयराम सरकार द्वारा अन्याय कर उनका हक छीना जा रहा है।  विस्थापितों को उनकी मांग के मुताबिक मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही भूमि अधिग्रहण कानून के तहत विस्थापितों को चार गुना मुआवजा देगी। सरकार ने जानबूझकर सर्कल रेट गिराए, ताकि लोगों को ज्यादा मुआवजा न देना पड़े। गिरिपार जनजाति क्षेत्र के मामले में अलका लांबा ने कहा कि चुनावी समय में क्षेत्र को जनजातीय का दर्जा देने की कोशिश की जा रही है, जो चुनावी जुमला ही साबित हो जाएगा। यदि सरकार सही मायने में इसको लेकर गंभीर है तो जल्द लोकसभा का विशेष सत्र लाकर इसे कानून में तबदील करे।

जयराम ठाकुर सबसे कमजोर मुख्यमंत्री साबित 
अलका लांबा ने कहा कि जयराम ठाकुर सबसे कमजोर मुख्यमंत्री साबित हुए हैं और उनकी अधिकारियों पर कोई पकड़ नहीं है। मौजूदा समय में हिमाचल के सारे फैसले केंद्र से होते हैं और जयराम ठाकुर कभी भी अपने स्तर पर कोई फैसला नहीं ले सकते। आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए लांबा ने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। प्रदेश प्रभारी बनाए गए सत्येंद्र जैन जेल की हवा खा रहे हैं वहीं उसके बाद यहां प्रचार करने पहुंचे मनीष सिसोदिया पर शराब तस्करी के गंभीर आरोप लगे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जर्मनी में नशे की हालत में प्लेन से उतारे जाते हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी की क्या हालत है, इसकी तस्वीर बिल्कुल सामने है।