हिमाचल फुटबॉल संघ के 5 सदस्यों को AIFF की कमेटियों में मिली अहम जिम्मेदारी

शिमला, 20 सितंबर : अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की नवगठित कमेटी की पहली ही बैठक में हिमाचलियों ने अपना लोहा मनवाया है। कोलकाता में हुई महासंघ की पहली बैठक में विभिन्न कमेटियों में हिमाचलियों को प्रतिनिधित्व का मौका मिला है। इससे न केवल देश को लाभ होगा, बल्कि हिमाचल के फुटबॉल खिलाड़ियों के सपनों को नए पंख लगेंगे।

जानकारी देते हुए संघ के मीडिया को ऑर्डिनेटर सत्यदेव शर्मा ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता महासंघ के नवनियुक्त अध्यक्ष कल्याण चौबे ने की। कोलकाता में हुई बैठक में आगामी रूपरेखा के तौर पर विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है। हर कमेटी में उपाध्यक्ष सहित 9 सदस्य होंगे। हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ (HPFA) के पांच सदस्यों का इन कमेटियों में पहली बार चयन किया गया है।

 संघ के महासचिव दीपक शर्मा को महासंघ को प्रतियोगिता कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया गया है। समूचे देश में होने वाली एआईएफएफ की विभिन्न प्रतियोगिताओं का खाका यही कमेटी तैयार करेगी। हिमाचल प्रदेश फुटबॉल इतिहास में पहली बार अखिल भारतीय स्तर पर किसी हिमाचली को इतना महत्व मिला है।

    हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ में कोषाध्यक्ष नरेश सिंह राणा को फुटबॉल कमेटी में सदस्य बनाया गया है। जबकि इस कमेटी के उपाध्यक्ष दमन दियू से अमित खेमानी को नियुक्त किया गया है।

इसी तरह संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद इकराम को बीच फुटबॉल कमेटी में सदस्य बनाया गया है। लक्षद्वीप के निजामुद्दीन इस कमेटी में अध्यक्ष होंगे।  कर्नाटक के एम सत्यनारायण ग्रासरूट डवलपमेंट कमेटी में उपाध्यक्ष होंगे, जबकि हिमाचल से वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश खन्ना सदस्य होंगे।

इसी तरह मध्यप्रदेश के अमित देब की उपाध्यक्षता वाली इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कमेटी में हिमाचल फुटबॉल संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण शर्मा को सदस्य मनोनीत किया गया है।

 एचपीएफए के महासचिव दीपक शर्मा, कोषाध्यक्ष नरेश राणा, उपाध्यक्ष नरेश खन्ना, अरुण शर्मा व मोहम्मद इकराम ने महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे, महासचिव शाहजी प्रभाकरण का आभार व्यक्त किया है।

         उधर, हिमाचल फुटबॉल संघ के अध्यक्ष बलदेव तोमर, उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना, ऊना के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सैणी, सुखविंदर सैनी, पंकज दत्ता, सुरेश मान, मंडी के जिलाध्यक्ष लीला बिलास शर्मा, पंकज शर्मा, प्रवीण शर्मा, कुल्लू के अध्यक्ष राम सिंह, महासचिव पवन कुमार, पृथ्वी विक्रम सेन, एश्वर्य शर्मा, एचपीएफए के फीजियो डॉ. सुमित कुमार शर्मा, शिवम गुरुंग, दीपक, श्याम सुंदर शर्मा, हमीरपुर के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार, महासचिव संजेश जसवाल समेत अन्य पदाधिकारियों ने इस नियुक्ति पर सभी को बधाई दी है।