हिमाचल में कांग्रेस की 5 सीटें अभी भी फंसी:पूर्व मंत्री और 2 पूर्व MLA का पत्ता कटा

कांग्रेस हाईकमान ने वीरवार देर रात हिमाचल प्रदेश की 17 सीटों प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इसमें एक पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और दो पूर्व विधायकों के टिकट काटे गए हैं। किन्नौर के सिटिंग MLA जगत सिंह नेगी का टिकट दूसरी लिस्ट में भी होल्ड रखा गया है।

पूर्व मंत्री व प्रदेशाध्यक्ष का टिकट कटा

कांग्रेस हाईकमान ने चिंतपूर्णी से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप कुमार का टिकट काटकर सबको चौंकाया है। यहां पार्टी ने कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू पर भरोसा जताया है। सुदर्शन सिंह बबलू ने दो रोज पहले पहली लिस्ट में टिकट क्लीयर नहीं होने पर सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।

इन पूर्व विधायकों का कटा पत्ता

हाईकमान ने गगरेट से पूर्व विधायक राकेश कालिया और सुलह से जगजीवन पाल को टिकट काट दिया है। दोनों जगह पार्टी को बगावत झेलनी पड़ सकती है।

इन 5 सीटों पर अभी भी पेंच

किन्नौर समेत 5 टिकटों पर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। कांगड़ा जिले की जयसिंहपुर सीट, कुल्लू जिले की मनाली, हमीरपुर जिले की हमीरपुर, सिरमौर जिले में पांवटा साहिब सीट अभी क्लीयर होनी बाकी है।

पांवटा साहिब से किरनेश जंग, हमीरपुर से आशीष शर्मा, मनाली से भुवनेश्वर गौड़ व हरि चंद शर्मा में से और जयसिंह से यादवेंद्र गोमा प्रत्याशी हो सकते है।

इनके टिकट घोषित हुए…

ठाकुर सिंह भरमौरी को टिकट भरमौर से पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी का टिकट क्लीयर कर दिया है। इस सीट को युवा कांग्रेस नेता सुरजीत सिंह भरमौरी के विरोध के कारण पहली लिस्ट में होल्ड रखा था।

इंदौरा से मलेंद्र राजन पर दांव कांगड़ा जिला के इंदौरा से पार्टी ने मलेंद्र राजन, देहरा से डॉ. राजेश शर्मा, सुलह से जगदीश सिपहिया, कांगड़ा सीट पर कुछ दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए सुरेंद्र सिंह काकू को टिकट दिया गया।

आनी से बंसी लाल को टिकट: पार्टी ने आनी से परसराम को टिकट न देकर बंसी लाल कौशल को प्रत्याशी बनाया है। करसोग से महेश राज, नाचन से नरेश कुमार, जोगेंद्र से सुरेंद्र पाल ठाकुर, धर्मपुर से चंद्रशेखर, सरकाघाट से पवन ठाकुर को टिकट दिया है।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप का टिकट कटा : हाईकमान ने चिंतपूर्णी से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप कुमार की जगह कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू पर भरोसा जताया है।

चैतन्य ने कल थामा पार्टी का दामन, टिकट भी साथ लाए ऊना की गगरेट सीट से कांग्रेस हाईकमान ने बीते कल ही पार्टी में शामिल हुए युवा नेता चैतन्य शर्मा को टिकट दिया गया है। चैतन्य को दिल्ली में पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला ने सदस्यता दिलाई थी।

बिसालपुर से बंबर ठाकुर बिलासपुर से विरोध के बावजूद पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को कांग्रेस ने टिकट दिया गया। वहीं ऊना से कुटलेहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्‌टों, सोलन जिला के नालागढ़ से हरदीप सिंह बाबा को टिकट दिया गया।

शिमला से हरीश जनारठा: शिमला शहरी सीट पर एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति थी। कई दिनों की चर्चा के बाद पार्टी ने शिमला शहरी से हरीश जनारठा पर भरोसा जताया है। 2017 के चुनाव में पार्टी का टिकट नहीं मिलने पर जनारठा ने सुरेश भारद्वाज को कड़ी टक्कर दी थी। इसे देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है।

किन्नौर में इसलिए रोका विधायक का टिकट

किन्नौर जिला की इकलौती किन्नौर सीट पर सिटिंग MLA जगत सिंह नेगी का टिकट दूसरी लिस्ट में भी जारी नहीं किया गया। यहां से युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी टिकट के लिए दावेदारी जता रहे हैं।निगम भंडारी को उम्मीदवार बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी, स्क्रीनिंग कमेटी और सेंटर इलेक्शन कमेटी के प्रस्ताव को भी ठेंगा दिखा है।

इन तीनों कमेटी ने सभी सिटिंग MLA को टिकट देने का प्रस्ताव पास किया था। वहीं जगत सिंह का टिकट रोके पर जिला कांग्रेस कमेटी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दे चुकी है। जिलाध्यक्ष उमेश नेगी ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी है।

शिमला में हो सकती है बगावत

शिमला शहरी सीट पर आज बड़े स्तर पर बगावत देखने को मिल सकती है। शिमला शहरी इकाई लंबे समय से हरीश जनारठा को टिकट का विरोध करती रही है क्योंकि उन्होंने 2017 में पार्टी से टिकट कटने पर बगावत की थी और निर्दलीय चुनाव लड़ा। इसलिए दूसरे धड़े के कार्यकर्ता जनारठा को टिकट दिए जाने से नाराज है।

हरीश जनारठा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेहद करीबी रहे है लेकिन इस बार जनारठा को हॉली लाज के ही करीबी यशवंत छाजटा टिकट के लिए चुनौती दे रहे थे। पार्टी ने हरीश जनारठा पर भरोसा जताया है।