मई महीने में 84 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज, टूटा पिछले 19 साल का रिकॉर्ड

मई महीने में हो रही बेमौसम बारिश ने प्रदेश की आम जनता को परेशान कर दिया है। बेमौसम बारिश से किसान व बागवान भी परेशान हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में मई महीने में अब तक सामान्य से 84 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। बीते 19 सालों में मई महीने में अब तक इतनी बारिश नहीं हुई थी। लगातार हो रही बारिश की वजह से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के अधिकतम तापमान 7 डिग्री तक कम चल रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने जानकारी देते हुए बताया कि मई महीने में पश्चिमी विक्षोभ लगातार सक्रिय हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की फ्रीक्वेंसी भी ज्यादा है और इसका असर भी ज्यादा देखा जा रहा है। ऐसे में लगातार हो रही बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज हो रही है। हिमाचल प्रदेश में मानसून के पहुंचने का समय जून महीने का होता है, लेकिन प्री-मानसून में ही अधिक बारिश होने की वजह से इस बार मानसून में कम बारिश होने की संभावना है।