Aam Aadmi Party : आम आदमी पार्टी के साथ चल दिए कांग्रेस के 30 नेता

हिमाचल के पड़ोसी राज्य पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद आम आदमी पार्टी की हिमाचल में भी बढ़ती सक्रियता के बाद कांग्रेस के लिए एक के बाद एक झटके मिल रहे हैं। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस को जोरदार झटका लगा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेस के करीब 30 छोटे-बड़े नेताओं ने यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस का हाथ छोड़कर दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जिला परिषद सोलन के पूर्व चेयरमैन धर्मपाल चौहान ने अपने पद से इस्तीफा देकर दिल्ली में आप का दामन थाम लिया था। कांग्रेस पार्टी में युवाओं की अनदेखी से नाराज युवा नेताओं ने अपने भविष्य को देखते हुए आप में शामिल होने का निर्णय लिया है। कसौली विधानसभा क्षेत्र से बीडीसी सदस्य भानु शर्मा ने अपने जिला कांग्रेस सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है।

वहीं, कसौली कांग्रेस के युवा नेता व प्रदेश कांग्रेस के सचिव साजिद अली समेत कई जिलों के पदाधिकारी इसमें शामिल हैं। इसके अलावा ऊना जिला के युवा कांग्रेस नेता ईशान ओहरी ने भी आम आदमी पार्टी का थाम लिया। ईशान ओहरी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की है, जिसमें उन्होंने बताया कि पिछले 14 वर्षो के राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष के बावजूद उन्होंने आज कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दिया है। उन्होंने बताया कि आज संगठन में सिर्फ और सिर्फ खास नेताओं की पसंद के लोगों की फौज रह गई है। उन्होंने कहा कि हम रास्ता बदल सकते हैं, लेकिन हमारे हौसलें और संघर्ष उसी बुलंदी के साथ रहेंगे।

अजेंद्र सिंह आप में

ऊना के विधानसभा क्षेत्र गगरेट से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रहे स्व. रामपाल भारती के बेटे अजेंद्र सिंह भारती ने भी आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। अजेंद्र सिंह भारती ने मंडी में दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के समक्ष आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

स्वर्ण सिंह भी गए

सोमवार को कांग्रेस ओबीसी सैल जिला सोलन के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह सैणी व बद्दी-नालागढ़ ट्रक यूनियन के उपाध्यक्ष कांग्रेस को छोड़कर आप में शामिल हो गए। आप के स्वास्थ्य मंत्री सत्येेंद्र जैन की मौजूदगी में स्वर्ण सिंह सैणी ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने आप में शामिल होने के उपरांत दिल्ली के सीएम रविंद्र केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का आभार व्यक्त किया।

मनीष ने कांग्रेस छोड़ी

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के फायर ब्रांड नेता और पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। युवा नेता मनीष ठाकुर ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि वह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे रहा हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह जल्द ही आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

आप के चुनाव प्रभारी-सह प्रभारी

दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन को इलेक्शन इंचार्ज की जिम्मेवारी

 

आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में चुनावों से पहले चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसमें दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को हिमाचल प्रदेश के चुनावों के इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा दुर्गेश पाठक को हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रभारी एवं रतनेश गुप्ता, कर्मजीत सिंह रिंटू, कुलवंत को सहप्रभारी बनाया गया है। वहीं सतेंद्र तोंगर को संगठन मंत्री, विपिन राय को सेक्रेटरी-टू इलेक्शन इंचार्ज एवं दीपक बाली को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी ने हिमाचल के चुनावों के लिए केंद्रीय नेतृत्व द्वारा चुनाव प्रभारी व सह-प्रभारी नियुक्त करने पर उनका आभार जताया है। उन्होंने सभी प्रभारियों एवं सह प्रभारियों का स्वागत किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि हर कार्यकर्ता पार्टी को यह विश्वास दिलाता है कि वह आगामी प्रदेश चुनावों में अपनी भूमिका बखूबी निभाएगा।

उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व हिमाचल प्रदेश में अशांति व आम आदमी पार्टी को बदनाम करने के लिए षड्यंत कर रहे है पर उन्हें मुहं की खानी पड़ेगी। क्योंकि प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है कि किस प्रकार भाजपा व कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को रोकने के लिए कैसे हथकंडे अपनाए। गौरव शर्मा ने कहा कि हमारी पार्टी आपसी भाईचारा व सर्वधर्म समभाव पर विश्वास रखती है और अरविंद केजरीवाल हर वर्ग हर क्षेत्र को साथ लेकर चलने वाले नेता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली और पंजाब में एकतरफा जीत हुई है साथ ही कई अन्य राज्यों में भी पार्टी की मजबूती हुई है। 2022 के चुनावों में प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार होगी।