हिमाचल में आप का बदलाव मार्च शुरू, केजरीवाल और मान फिर कर सकते हैं दौरा

हिमाचल में तीसरे विकल्प का दम भर रही आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में बदलाव मार्च शुरू किया है। इसके तहत आप कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए आमजन तक पहुंचेंगे। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पैदल मार्च करते हुए रैलियां भी निकाली जाएंगी।

शिमला (राक्टा): हिमाचल में तीसरे विकल्प का दम भर रही आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में बदलाव मार्च शुरू किया है। इसके तहत आप कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए आमजन तक पहुंचेंगे। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पैदल मार्च करते हुए रैलियां भी निकाली जाएंगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आप ने यह कार्यक्रम शुरू किया है, जिसे बदलाव मार्च का नाम दिया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ता आप की नीतियों और दिल्ली केजरीवाल मॉडल की खूबियों से प्रदेश की जनता को अवगत करवाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में भी जनता को जागरूक किया जाएगा। 

जिला स्तर पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय
बदलाव मार्च को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके साथ ही पदाधिकारियों को बदलाव मार्च की पूरी रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को भेजनी होगी। इस दौरान जनता के सुझाव भी लिए जाएंगे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयार किए जाने वाले घोषणा पत्र में उन्हें शामिल किया जाएगा। सूचना के अनुसार जून माह में आप सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं। हालांकि अभी पूरा शैड्यूल तय नहीं हुआ है। सूत्र बताते हैं कि अरविंद केजरीवाल की आगामी माह में 2 से 3 रैलियां प्रदेश में हो सकती हैं। 

सत्ता परिवर्तन के लिए बदलाव मार्च : गौरव शर्मा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि हिमाचल में सत्ता परिवर्तन के लिए बदलाव मार्च शुरू किया गया है। इसके तहत कार्यकत्र्ता सभी विस क्षेत्रों में पैदल मार्च करते हुए जन-जन तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आप तीसरे विकल्प के रूप में उभर कर सामने आई है और प्रदेश की जनता का पूरा समर्थन पार्टी को मिल रहा है।

हिमाचल में कुछ हाथ नहीं लगने वाला : करण नंदा
प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी करण नंदा ने कहा कि आम आदमी पार्टी जितना भी जोर लगा ले, उसे हिमाचल में कुछ हाथ लगने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप सरकार की पोल खुल गई है। वहां सत्ता में पार्टी को कुछ ही समय हुआ और भ्रष्टाचार से जुड़े कारनामे सामने आने लगे हैं।