Abhimanyu Easwaran: 4 पारियों में 4 शतक… केएल राहुल की जगह लेने को तैयार युवा बल्लेबाज, क्यों नजरअंदाज कर रही टीम इंडिया?

Abhimanyu Easwaran Century: केएल राहुल लगातार खराब फॉर्म के बाद भी भारतीय टेस्ट टीम में बने हुए हैं। वहीं घरेलू मैचों और इंडिया ए के लिए कमाल की बल्लेबाजी करने वाला युवा सलामी बल्लेबाज को टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिल पा रहा है।

अभिमन्यु ईश्वरन शतक

नई दिल्ली: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) लगातार फॉर्म से जूझ रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट (IND vs BAN) सीरीज की चारों पारियों में उनका बल्ला शांत रहा। 2022 में राहुल ने भारत के लिए 8 टेस्ट पारियों में बल्लेबाज की। इसमें उनके बल्ले से सिर्फ 137 रन निकले। इसके बाद भी वह प्लेइंग इलेवन में बने हुए हैं। वहीं घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए के लिए लगातार कमाल कर रहे अभिमन्यु ईश्वरन (Abhimanyu Easwaran) को डेब्यू का मौका नहीं मिल रहा।

रणजी ट्रॉफी में जड़ा शतक

बंगाल के सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन ने रणजी ट्रॉफी में 170 रनों की पारी खेली। नागालैंड के खिलाफ मुकाबले में ईश्वरन ने 218 गेंदों पर 170 रनों की पारी खेली। उनकी पारी में 16 चौके शामिल थे। दाएं हाथ के बल्लेबाज ईश्वरन ने दूसरे विकेट के लिए सुदीप कुमार घरामी के साथ 224 रनों की साझेदारी बनाई। यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका 19वां शतक है।

लगातार चौथी पारी में शतक

अभिमन्यु ईश्वरन ने लगातार चौथी पारी में शतक लगाया है। उन्होंने नवंबर में सेना के खिलाफ रांची में विजय हजारे ट्रॉफी में शतक लगाया था। इसके बाद उनकी कप्तानी में इंडिया ए बांग्लादेश के दौरे पर गई। ईश्वरन ने दोनों अनऑफिसियल टेस्ट मैच में शतक लगाया। पहले मैच में उन्होंने 141 और दूसरे में 157 रनों की पारी खेली थी।

रोहित की जगह टीम में हुए थे शामिल

बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में चोटिल होने के बाद कप्तान रोहित शर्मा टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाए थे। ईश्वरन को उनके बैकअप के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। 2021 की शुरुआत में इंग्लैंड टीम भारत दौरे पर थी। उसमें ईश्वरन को स्टैंड बाई खिलाड़ी के रूप में चुना गया था। उसी साल भारत ने इंग्लैंड दौरा भी किया था। वहां हुए टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और टेस्ट सीरीज में भी वह स्टैंड बाई खिलाड़ी थे। लेकिन अभी तक भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है।