Accident: मंडी के नाचन में खाई में गिरी कार, एएसआई की पत्नी की मौत, बेटी घायल

घीड़ी के भग्यार गांव के पास आल्टो कार भारी बारिश में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दमयंती की मौके पर मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर

नाचन क्षेत्र के घीड़ी के भग्यार में एक आल्टो कार के बारिश में अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से एक महिला की मौके पर मौत हो गई। महिला का पति और बेटी घायल हैं। मृतक महिला की पहचान 51 वर्षीय दमयंती के रूप में हुई है। घायलों में 57 वर्षीय अनिल कुमार और 12 वर्षीय राधिका शामिल है। परिवार घुमारवीं से संबंध रखता है।

अनिल कुमार घुमारवीं थाना में एएसआई के पद पर तैनात हैं। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार एएसआई अनिल अपने परिवार को लेकर करसोग के बगसाड़ में अपने साढू के घर गए थे।

शुक्रवार को जब वे घर लौट रहे थे तो घीड़ी के भग्यार गांव के पास आल्टो कार भारी बारिश में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दमयंती की मौके पर मौत हो गई जबकि अनिल और राधिका जख्मी हो गए। हादसे का पता लगते ही आसपास के लोग बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

लोगों ने मृतक और घायलों को सड़क मार्ग पहुंचाया। घायलों को नजदीक के रोहांडा सीएचसी में भर्ती किया गया है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।