कैबिनेट रैंक के आश्वासन के बाद कांग्रेस के पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार माने

ऊना, 29 अक्तूबर : जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र भरने वाले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने नामांकन पत्र वापस ले लिया है। कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा वरिष्ठ नेत्री विप्लव ठाकुर भी शनिवार को कुलदीप कुमार को मनाने पहुंची थी।

           हालांकि शुक्रवार को ही कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी गुरकीरत कोटली भी कुलदीप कुमार से मुलाकात कर लौटे थे। राष्ट्रीय कांग्रेस प्रवक्ता के तौर पर नियुक्ति दे दी गई है। साथ ही हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रचार प्रसार कमेटी के सह अध्यक्ष पद का भी दायित्व सौंपा गया है। कांग्रेस ने हिमाचल में सरकार बनने पर कुलदीप कुमार को कैबिनेट रैंक देने का भी वादा किया है।

           चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में डैमेज कंट्रोल करने जुटी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, वरिष्ठ नेत्री विप्लव ठाकुर के साथ आजाद प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतर चुके कांग्रेस के ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार को मनाने पहुंचे। काफी देर तक दोनों नेताओं की कुलदीप कुमार के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही।  इसके बाद कुलदीप कुमार ने अपना नामांकन वापस लेने का ऐलान कर दिया। वहीँ कांग्रेस द्वारा चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाये गए सुदर्शन बबलू ने भी कुलदीप कुमार के पाँव छू कर आशीर्वाद प्राप्त किया और चुनाव प्रचार में साथ देने का न्यौता दिया।

          इस मौके पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप कुमार को राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर तैनाती तत्काल प्रभाव से दे दी गई है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार प्रसार कमेटी का सह अध्यक्ष भी उन्हें नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही कुलदीप कुमार को कैबिनेट रैंक से भी नवाजा जाएगा। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, और कांग्रेस में हमेशा वरिष्ठ नेताओं का और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है।