‘जमीन पर गाड़ दूंगा’ बयान के बाद युकां कार्यकर्ताओं ने सत्ती का पुतला फूंक जताया विरोध

ऊना, 30 जून : सीएम जयराम ठाकुर को काले झंडे दिखाने के दौरान युकां कार्यकर्ताओं से हुई मारपीट व छठे वित्त आयोग के अध्यक्ष द्वारा बोले गए शब्द को लेकर जिला में माहौल गर्म हो गया है। इसी को लेकर शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व जिला के प्रभारी महेश्वर सिंह चौहान की अगुवाई में एक विरोध मोर्चा निकाला और अंब चौक में प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का पुतला जलाया।

 

चौहान ने कहा किसी का भी विरोध करना देश के नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि वीरवार को सतपाल सिंह सत्ती के द्वारा युवा कांग्रेस नेताओं को जमीन में गाड़ देने और जान से मार देने की धमकियां देना एक निंदनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता मॉम के बने हुए नहीं हैं और सतपाल सत्ती की बाजू में कितना दम है, यह कांग्रेस भलीभांति जानती है।   

  चौहान ने कहा कि ऐसी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करना कतई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद ही प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं और भाजपा को अपनी सत्ता जाती हुई नजर आ रही है। इसी के चलते भाजपा नेता बौखलाहट में ऐसी ओछी हरकतें कर रही हैं।  

    जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राघव राणा ने कहा कि युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करवाया मगर भाजपा ने प्रायोजित तरीके से उन लोगों पर हमला करके निंदनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस मुख्यमंत्री को बता देना चाहती है कि चुनाव होने से पूर्व अगर वह जिला ऊना में आते हैं, तो यह युवा कांग्रेस पूरे जोरदार तरीके से उनका विरोध दर्ज करवाएगी।