अलका लांबा ने भाजपा पर लगाए आरोप

अलका लांबा ने भाजपा पर लगाए आरोप

भारतीय जनता पार्टी का पूरा नाम ‘बेचते जाओ पेपर’ हो गया है और युवाओं के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने अपने मंडी जिला के प्रवास के दौरान सुंदरनगर में आयोजित प्रेसवार्ता में कही। अलका लांबा ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में जब लोगों को ऑक्सीजन और दवाईयां नहीं मिल रही थी। उस समय प्रदेश में दलाली खाने का काम हो रहा था। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल 5 लाख रूपयों की दलाली करते हुए पकड़े गए। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा अपने प्रदेशाध्यक्ष को पद पर से हटाना पड़ा था। लेकिन पैसे के लेनदेन के आरोप लगने के बावजूद भी उन्हें जेल नहीं भेजा गया।

अलका लांबा ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से भाजपा द्वारा देश में जाति और धर्म के आधार पर फैलाए गए जहर के खिलाफ संघर्ष किया जा रहा है। भाजपा के दिल्ली से सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा और हिमाचल से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा लोगों के बीच संप्रदायिकता और नफरत का जहर घोला जा रहा है। अनुराग ठाकुर द्वारा नफरत फैलाने के लिए हिंसक नारा दिया गया। उन्होंने कहा कि यह उम्मीद गोडसे वादियों से ही की जा सकती है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश चुनावों में कांग्रेस के लिए चुनावी घोषणा पत्र और सरकार के खिलाफ चार्जशीट सबसे महत्वपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी द्वारा सबूतों के साथ चार्जशीट को जनता के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के 31 अक्टूबर के प्रस्तावित मंडी दौरे के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा तैयार चार्जशीट को जारी किया जाएगा। इसके तुरंत बाद कांग्रेस द्वारा अपना घोषणा पत्र भी जारी कर दिया जाएगा।