अलका लांबा बोली, उपचुनावों में BJP को मिला था ट्रेलर…पिक्चर दिखाना अभी बाकी

मंडी, 21 अक्टूबर : उपचुनाव में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को केवल ट्रेलर दिखाया था पिक्चर देखना अभी बाकी है। यह तंज शुक्रवार को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता व हिमाचल कांग्रेस मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने मंडी में संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान कसा है।

अलका लांबा ने कहा कि चुनावों में कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों, व्यापारियों, बागवानों, महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उप चुनावों के दौरान भाजपा को केवल ट्रेलर ही दिखाया था पूरी पिक्चर अभी इन चुनावों में भाजपा को दिखाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हमेशा ही कांग्रेस पर परिवारवाद के आरोप लगाने वाली भाजपा खुद यू टर्न ले रही है। टिकट आवंटन के बाद पूरे प्रदेश में भाजपा में बिखराव देखने को मिल रहा है।

अलका लांबा ने सीएम जयराम ठाकुर का घेराव करते हुए कहा कि मंडी सीएम का गृह जिला है। उनके जिले में ही सबसे ज्यादा महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं उन्होंने कहा कि चुनावों को लेकर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की 6 बड़ी रैलियां होने जा रही है। कांग्रेसी महासचिव प्रियंका गांधी 31 अक्टूबर को मंडी पहुंच रही हैं।  इसके उपरांत पार्टी के अन्य राष्ट्रीय नेताओं की रैलियां भी प्रस्तावित हैं।

वहीं प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व द्रंग से प्रत्याशी कौल सिंह ठाकुर ने भी सीएम जयराम ठाकुर पर कई जुबानी हमले किए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सब कुछ संभव है, और जयराम ठाकुर भी सिराज से चुनाव हार सकते हैं।
इन चुनावों से पूर्व भी भारतीय जनता पार्टी के कई सीएम चेहरे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से चुनाव हार चुके हैं। 29 अक्टूबर के बाद कांग्रेस भाजपा के खिलाफ चार्जशीट लाने जा रही है। साथ ही कांग्रेस अपना चुनावी घोषणा पत्र भी जारी करेगी।