अमित शाह ने राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान का किया उद्घाटन, बोले- राष्ट्र निर्माण में रहेगा इसका अहम योगदान

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में नवनिर्मित राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान का उद्घाटन किया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में नवनिर्मित राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अपना संबोधन भी दिया। शाह ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी के विजन के अनुसार, राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान आखिरकार अस्तित्व में आ गया है। यह सिर्फ एक संस्था ही नहीं है, लेकिन ऐसे संस्थानों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका होती है। शाह ने कहा कि दो दर्जन से भी ज़्यादा जनजातीय अनुसंधान संस्थान अलग-अलग नाम से काम कर रहे हैं लेकिन उसको राष्ट्रीय रूप से जोड़ने वाली कड़ी नहीं है। हमारी जनजातीय समाज में बहुत सारी विविधता है। इन विविधताओं को अगर एक कड़ी नहीं जोड़ती है तो समग्र देश के जनजातीय समाज के विकास का सपना अधूरा ही रहता है। आज राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान जो बन रहा है वो एक कड़ी बनने वाला है और हमारी कल्पना का जनजातीय विकास को साकार करने में बड़ी भूमिका निभाने वाला है।

 कांग्रेस शासन के मुकाबले हिंसक घटनाओं में भारी कमी: शाह

अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों की संख्या में 70 प्रतिशत की कमी की। कांग्रेस के 10 साल के शासन में पूर्वोत्तर में 8,700 हिंसक घटनाएं हुईं। मोदी सरकार के तहत यह घटकर 1,700 हो गई हैं। शाह ने कहा कि मोदी सरकार के तहत पूर्वोत्तर में 87 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं, जबकि कांग्रेस शासन के दौरान 304 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।