रूसियों की देशभक्ति की खुली पोल! युद्ध में तैनाती की घोषणा होते ही देश छोड़कर भागे, नहीं मिल रहा फ्लाइट का टिकट

Russian Reserve Soldiers Deploy ON Ukraine War : रिजर्विस्ट ऐसा व्यक्ति होता है जो ‘मिलिट्री रिजर्व फोर्स’ का सदस्य होता है। यह आम नागरिक होता है जिसे सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है तथा जरूरत पड़ने पर इसे कहीं भी तैनात किया जा सकता है।

मॉस्को : रूस की एयरलाइंस ने 18 से 65 साल के लोगों को टिकट बेचने से इनकार कर दिया है। इस आयु सीमा के लोग जब तक रक्षा मंत्रालय की ओर से यात्रा की मंजूरी नहीं दिखाते इन लोगों को एयरलाइंस टिकट नहीं बेचेगी। बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तीन लाख आरक्षित सैनिकों की आंशिक तैनाती की घोषणा की। इसके बाद रूस से विदेशी गंतव्यों के लिए जाने वाली सभी रूसी उड़ानों के टिकट बिक गए। रूसी अधिकारियों ने बताया कि 3,00,000 ‘रिजर्विस्ट’ (आरक्षित सैनिक) की आंशिक तैनाती की योजना बनाई गई है। पुतिन ने इसे जरूरी बताते हुए कहा कि रूस ‘पूरी पश्चिमी सैन्य मशीनरी’ से लड़ रहा है।

रूस की शीर्ष ट्रैवल प्लानिंग वेबसाइट aviasales.ru के मुताबिक पुतिन की घोषणा के बाद कुछ मिनट के भीतर ही मॉस्को से जॉर्जिया, तुर्की और अर्मेनिया, जहां रूसी नागरिकों को वीजा की जरूरत नहीं पड़ती है, के लिए 21 सितंबर की सभी उड़ानों के टिकट बिक गए। मॉस्को के समयानुसार दोपहर तक, मॉस्को से अजरबैजान, कजाकिस्तान, उजबेकिस्तान और किर्गिस्तान के लिए सीधी उड़ानें भी वेबसाइट पर दिखना बंद हो गईं।
पुतिन की घोषणा के बाद मचा हड़कंप
रिजर्व सैनिकों की तैनाती के पुतिन के ऐलान के बाद से रूस में हड़कंप मच गया है। लोग देश छोड़कर भाग रहे हैं जिन्हें रोकने के लिए रूसी एयरलाइंस ने 18 से 65 साल के लोगों को बिना रक्षा मंत्रालय की मंजूरी के टिकट देने से इनकार कर दिया है। पुतिन ने टेलीविजन के जरिए देश को संबोधित करते हुए चेतावनी भरे लहजे में पश्चिम से कहा कि रूस अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा और ‘यह कोरी बयानबाजी’ नहीं है।

क्या होता है रिजर्विस्ट जिन्हें तैनात करने जा रहे पुतिन?
पुतिन ने कहा कि उन्होंने आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और यह प्रक्रिया बुधवार से प्रारंभ होगी। रिजर्विस्ट ऐसा व्यक्ति होता है जो ‘मिलिट्री रिजर्व फोर्स’ का सदस्य होता है। यह आम नागरिक होता है जिसे सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है तथा जरूरत पड़ने पर इसे कहीं भी तैनात किया जा सकता है। शांतिकाल में यह सेवाएं नहीं देता है। पुतिन ने कहा कि विस्तारित सीमा रेखा, यूक्रेन की सेना द्वारा रूसी सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार गोलाबारी और मुक्त कराए गए क्षेत्रों पर हमलों के लिए रिजर्व से सैनिकों को बुलाना आवश्यक था।