देश में उखड़ गया कांग्रेस का तंबू, फिर भी दे रहे गारंटी : CM

मंडी, 08 सितंबर:  प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में वह कांग्रेस पार्टी जनता को गारंटी देने में लगी हुई है जिसकी अपनी ही गारंटी नहीं है। कांग्रेस पूरे देश में धीरे-धीरे सिमटती नजर आ रही है और कांग्रेस पार्टी लोगों को वादों के स्थान पर गारंटी देने पर उतर आई है। यह तंज हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर कसा है।

सीएम वीरवार को मंडी जिला के धर्मपुर में आयोजित प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के दौरान सिद्धपुर में जनता को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार के हर पांच वर्ष बाद बदल जाने के रिवाज को लेकर विपक्षी तरह-तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि चुनावों के चलते लोगों को बरगलाने का प्रयास कर जनता को गारंटी देने में लगी है जबकि हाल ही में देश में हुए विभिन्न राज्यों के चुनावों में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जिसकी अपनी गारंटी नहीं है वह जनता के बीच में गारंटी दे रहे हैं।

सीएम ने कहा कि जब पूरे देश में रिवाज बदल गया है तो निश्चित तौर पर हिमाचल में भी रिवाज बदलकर ही रहेगा। अपने संबोधन में सीएम जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर मजाकिया अंदाज में कहा कि कांग्रेस का तंबू तो पूरे देश में उखड़ गया है और वे हिमाचल में सरकार बनाने की बात कर रहे हैं।

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने 75 वर्षों के प्रगतिशील हिमाचल कार्यक्रम मना रही है जिससे कांग्रेस को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का तंबू तो केंद्र से लेकर प्रदेश तक है लेकिन कांग्रेस का देश व प्रदेश से सफाया हो चुका है।

        वहीं अपने एक दिवसीय दौरो के दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने धर्मपुर के सिद्धपुर और चोलथरा में 977 करोड़ रूपए की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्धाटन व शिलान्यास भी किया। इस दौरान सीएम ने मंडी के धर्मपुर में विद्युत विभाग के सर्किल ऑफिस, सिविल जज कोर्ट, फायर स्टेशन, श्रमिक कल्याण बोर्ड का उप कार्यालय खोलने आदि घोषणाएं भी की। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह सहित भाजपा विधायक व विभागाधिकारी मौजूद रहे।