Anemia test of 240 people in Gram Panchayat Sanwara and Taksal

ग्राम पंचायत सनवारा तथा टकसाल में 240 व्यक्तियों की एनीमिया जांच

आयुष विभाग द्वारा आज सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सनवारा तथा टकसाल में एनीमिया बीमारी के विषय में लोगों को जागरूक किया गया। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी।

डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि आज आयोजित शिविर में 240 व्यक्तियों की एनीमिया जांच की गई। ग्राम पंचायत सनवारा में 150 तथा ग्राम पंचायत टकसाल में 90 लोगों के रक्त की जांच की गई।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया।

डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि एनीमिया रोग का पूर्ण निदान सम्भव है तथा उचित पोषाहार के माध्यम से सदैव एनीमिया से बचा जा सकता है। शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। एनीमिया के कारणों में सबसे प्रमुख कारण शरीर में आयरन की कमी है। आहार में लौह तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होता है, तब व्यक्ति एनीमिया पीड़ित हो जाता है।
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी कारण से शरीर में रक्त की कमी हो जाती है तो भी यह समस्या उत्पन्न होती है। चोट लगने पर खून निकलना, माहवारी या प्रसव में अधिक मात्रा में खून का बहना भी एनीमिया का एक कारण है।

शिविर में लोगों से आग्रह किया गया कि अपने भोजन में नियमित आधार पर फल एवं सब्जियां लें।
इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
आज आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. सोनिया धीमान, आयुष विभाग के कर्मचारी लता वर्मा, शंकर, पंचायत प्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित थे।