भगवंत मान का एक और फैसला, पंजाब में घर-द्वार पहुंचेगा राशन

पंजाब में भगवंत मान सरकार ने जनहित का एक और ऐलान करते हुए लोगों के लिए राशन की डोर स्टेप डिलीवरी शुरू करने का फैसला किया गया है। इतनी ही नहीं, भगवंत मान ने कहा कि राशन साफ. सुधरा और बेहतर क्वालिटी का दिया जाएगा। जो अमीर खाते हैं, वही राशन गरीबों को दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की योजना अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में शुरू की थी, लेकिन केंद्र सरकार ने उस पर रोक लगा दी थी। भगवंत मान ने कहा कि बड़े दुख की बात है कि आजादी के 75 साल बीत गए, लेकिन गरीबों को अपने हिस्से का राशन लेने के लिए राशन की दुकानों पर लंबी लाइनों में लगना पड़ता है, जबकि दुनिया डिजिटल हो गई है। एक फोन पर ऑर्डर करो, तो घर में डिलीवरी हो जाती है, लेकिन लोगों को राशन के लिए लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। पंजाब सीएम ने कहा कि कई बार गरीबों को अपने हिस्से का राशन लेने के लिए कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। जो रोज कमाता-खाता है, उसे अपनी दिहाड़ी गंवानी पड़ती है। कई बुजुर्गों को राशन बूथों तक जाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। लोगों को परेशानी होती है।

आम आदमी पार्टी सरकार ने फैसला लिया है कि आप के घर तक राशन पहुंचाएंगे। डोर स्टेप डिलीवरी राशन, बढिय़ा साफ खाने योग्य आटा-दाल घर पहुंचेगा। साफ राशन होगा। जो अमीर खाते हैं, वही राशन दिया जाएगा। लोगों को लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार के अधिकारी राशन के लाभार्थियों को फोन करके पूछेंगे कि वह कब घर आएं, कितने बजे आएं। सुविधा के अनुसार लोग अपना राशन अपने तय दिन और तय समय पर डिलीवर करवा सकेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि ऐसा नहीं है कि लोग घर पर ही राशन की डिलीवरी लेने के लिए मजबूर हैं। यह स्कीम ऑप्शनल रखी गई है। जिनका घर राशन बूथ के पास है या जो खुद जाकर राशन लेना चाहते हैं, वे वहां जाकर राशन ले सकते हैं। जो घर पर राशन डिलीवर करवाना चाहते हैं, वे अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।