अरेंज मैरिज का मतलब होता है, परिवार की सहमति से होने वाली शादी। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि भविष्य में कोई परेशानी आने पर परिवार वालों का पूरा सपोर्ट मिलता है। शायद इसी वजह से लोग अब अरेंज मैरिज पर यकीन करने लगे हैं। अरेंज मैरिज से जुड़े कुछ ऐसे तथ्य हैं, जिसके बारे में आपको जरूर जानना चाहिए।

आज के जमाने में अरेंज मैरिज का नाम सुनकर अजीब सा लगता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इन दिनों लव मैरिज का ट्रेंड है। लड़का-लड़की न केवल अपनी पसंद के अनुसार अपने जीवनसाथी की तलाश कर रहे हैं बल्कि वह इसे सही भी मानते हैं। हां, वो बात अलग है कि मॉडर्न जमाने वाले इस दौर में भी अरेंज मैरिज करने वालों की संख्या में कमी नहीं आई है। हालांकि, इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण क्योंकि लव मैरिज के मुकाबले अरेंज मैरिज के सफल होने के ज्यादा चांस होते हैं। यही एक वजह भी है कि अरेंज मैरिज आज भी दुनियाभर में पॉपुलर है।
स्टैटिसटिक्स ब्रेन रिसर्च इंस्टीट्यूट के अनुसार अरेंज मैरिज में तलाक की दर मात्र 6 फीसदी है जबकि प्रेम विवाह कब टूट जाए इस बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता। यही वजह है कि आज बहुत से लोग अपने पैरेंट़स द्वारा चुने गए व्यक्ति से ही शादी करते हैं।
सुरक्षित होता है भविष्य

शादी एक सोशल कॉन्ट्रेक्ट की तरह है, जिसमें न केवल दो परिवार एक होते हैं बल्कि उनके बीच एक अटूट रिश्ता भी बनता है। ऐसे में जब शादी पक्की होती है, तो माता-पिता की जिम्मेदारी बन जाती है कि उनके बच्चे किसी भी हाल में खुश रहें। मुश्किल घड़ी में अरेंज मैरिज में लोगों को अपने बड़ों का समर्थन और साथ मिलता है जबकि लव मैरिज में ऐसा नहीं होता।
दिल नहीं टूटता

आज के समय में रिश्ते निभाना सबसे मुश्किल काम है और जब पति-पत्नी के रिलेशन की बात हो, तो इसमें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। खासतौर से लव मैरिज में हर दिन एक चुनौती सामने खड़ी होती है जबकि अरेंज मैरिज की सच्चाई है कि इसमें आपके दिल टूटने की संभावना बहुत कम होती है। यही सबसे बड़ा कारण भी है कि लोग अरेंज मैरिज पर यकीन करने लगे हैं। यहां तक की बॉलीवुड ने भी इसे अच्छे से अपनाया है।
संस्कृति को जीवित रखती है

संस्कृति वह आधार है, जिस पर व्यक्ति अपने विश्वासों-मूल्यों और सिद्धांतों को लेकर टिका होता है। यह वह सिद्धांत हैं, जिसे विदेश जाने पर भी व्यक्ति नहीं भूलता। आप भारतीयों के दिल से भारत को निकाल नहीं सकते। एनआरआई नागरिकों के लिए अरेंज मैरिज भारत को उनके दिलों में जिंदा रखने का एक तरीका है। इससे वह अपनी भारतीय संस्कृति से जुड़े रहते हैं।
शादी सही समय पर होती है

लव मैरिज में पहले लोग डेटिंग करते हैं और फिर करियर बनाने के चक्कर में शादी को रोककर रखते हैं। ऐसे में लड़का या लड़की की उम्र बढ़ती चली जाती है, जो हर माता-पिता के लिए चिंता का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है। जबकि अरेंज मैरिज में ऐसा कोई मौका नहीं मिलता। आपका परिवार आपकी शादी के बारे में तभी सोचने लगता है, जब आप सेटल हो जाते हैं और शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार होते हैं।