अर्जुन राम मेघवाल बोले, आम जनता भी जानेगी साइंस के चमत्कार

केंद्रीय संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने पालमपुर विज्ञान केंद्र का दौरा किया। उन्होंने विज्ञान केंद्र की सुविधाओं और विज्ञान चेतना के प्रसार हेतु स्थापित विभिन्न दीर्घाओं का जायजा लिया। मंत्री ने पालमपुर विज्ञान केंद्र में विज्ञान की अवधारणाओं को दर्शाने वाले विभिन्न प्रदशर्नों को विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को मूर्त रूप में लाने और सहज सरल रूप में समझ विकसित करने में सहायक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों और आम जनता में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने और विज्ञान चेतना के प्रसार में विज्ञान केंद्र की भावी भूमिका को रेखांकित किया तथा प्रदेश के जनमानस में विज्ञान के लोकप्रिय करने हेतु विभिन्न नवाचारी कार्यक्रम, व्याख्यान, सेमिनार, विज्ञान नाटक आदि के बृह्द स्तर पर आयोजन एवं रोबोटिक्स, अंतरिक्ष विज्ञान, कृत्रिम बुध्दिमत्ता और चिकित्सा विज्ञान के नवीनतम प्रतिमानों से जनता को रू-ब-रू करवाने और अंधविश्वासों के निवारण हेतु विज्ञान केंद्र को अग्रणी भूमिका निभाने की आवश्यकता पर बल दिया।

मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के दर्शन को जन-जन तक लेकर जाने में भी विज्ञान केंद्रों की भूमिका को रेखांकित किया और जल्द ही पालमपुर विज्ञान केंद्र के उद्घाटन का आश्वासन दिया। इस दौरान पालमपुर के उपमंडल अधिकारी डा. अमित गुलेरिया भी उपस्थित रहे। विज्ञान केंद्र के संग्रहाध्यक्ष रामस्वरूप ने विज्ञान केंद्र की विभिन्न सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।