सोलन अस्पताल में अब फेस रिडिंग मशीन से लगेगी कर्मचारियों की हाजरी

 

क्षेत्रीय अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों व कर्मचारियों को अब समय पर कार्य स्थल पर पहुंचना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन जल्द ही यहां हाजरी लगाने के लिए फेस रिडिंग मशीने स्थापित करने का जा रहा है। फेस रिडिंग मशीने खरीदने के लिए प्रबंधन ने निजी कंपनी से संपर्क कर लिया है। आधुनिक मशीन से पहले कर्मचारी का चेहरा स्केन किया जाएगा, उसके बाद ही हाजरी लगेगी। जिला में यह पहली इस प्रकार की मशीने लगाई जा रही है, इससे पूर्व सरकारी कार्यालयों में बायोमेट्रिक मशीनों से हाजरी लगाई जाती थी। फेस रिडिंग मशीनों से हाजरी प्रक्रिया शुरू हाेने के बाद से चिकित्सक और कर्मचारी अब अपनी मनमर्जी से देरी से कार्य पर नहीं आ सकेंगे, उन्हें निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचना होगा। अगर वह समय से थोड़ी भी देरी करते है तो उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा।

इसका सीधा फायदा अस्पताल आने वाले मरीजों को होगा और स्टाफ भी सही समय पर पहुंचेगा। अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों के कार्य में देरी से पहुंचने समेत अन्य कारणों के चलते यह सख्त कदम उठाया है। फेस रीडिंग मशीन में खास बात यह है कि इसे आधार कार्ड से भी लिंक किया जाएगा, जिससे फर्जी हाजिरी भी नहीं लग सकेगी। अस्पताल में अभी तक मैनुअल तरीके से हाजिरी लगाई जा रही है। क्षेत्रीय अस्पताल जिला का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर चिकित्सकों, नर्सों समेत अन्य को मिलकर करीब 150 स्टाफ है। दिन में अस्पताल में अधिक स्टाफ रहता है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन को शिकायतें भी मिल रही थी कि कई स्टाफ के सदस्य देरी से अस्पताल आते हैं। जिसे देखते हुए पहले भी प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है और हाजिरी रजिस्टर पर समय से अपनी उपस्थिति की जानकारी बताने के आदेश दिए थे। जिसके बाद सभी स्टाफ अस्पताल में निर्धारित समय पर आता है लेकिन अब अस्प ताल प्रशासन ने फेस रीडिंग से हाजिरी लगाने के बारे में विचार किया है। बताया जा रहा है कि आगामी कुछ दिनों में हाजिरी की मशीन अस्पताल में पहुंच जाएगी। इसके बाद इसी के माध्यम से हाजिरी लगेगी।