प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पूर्व भाजपा ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी

प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पूर्व भाजपा ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी

प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पूर्व भाजपा ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद अब चुनाव प्रचार की कमान खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संभाल ली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दो दिवसीय हिमाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंच रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 2 दिनों तक हिमाचल में पार्टी के पंच परमेश्वर सम्मेलनो में शिरकत करेंगे। इन पंच परमेश्वर सम्मेलनों के जरिए जेपी नड्डा प्रदेश में चुनावी शंखनाद करेंगे। वही पंच परमेश्वरओं में भी जोश भरेंगे। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए शनिवार को बैठकों का आयोजन किया गया। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता उमेश दत्त शर्मा ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान जेपी नड्डा के दौरे को लेकर जानकारी सांझा करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस दौरे की शुरुआत कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की बैठक के साथ 9 अक्टूबर को करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बैठक का आयोजन शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंगलम पैलेस चंबी में होगा। उमेश दत्त शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, प्रधान, उप प्रधान, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य बीडीसी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य, नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पार्षद एवं मनोनीत पार्षदों नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षओं को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश दत्त शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पंचायती राज संस्थाओं के जीते हुए प्रतिनिधियों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जीत का मंत्र देंगे। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा इसके उपरांत दोपहर 3 बजे ऑटो टोरियम पॉलिटेक्निक कॉलेज बडू में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष 11 बजे मंडी संसदीय क्षेत्र व 3 बजे शिमला संसदीय क्षेत्र की बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यहा विपाशा सदन में आयोजित होने वाली इस बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के जीते हुए प्रतिनिधि भाग लेंगे। दोपहर 3 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष शिमला संसदीय क्षेत्र की बैठक में भाग लेने के लिए सोलन जिला के नौनी विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। इस बैठक में पंचायती राज एवं नगर निगम नगर परिषद सदस्य शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उमेश दत्त शर्मा ने कहा कि कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के करीब 15 सौ पंच परमेश्वर इस बैठक में शामिल होंगे। जिन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उमेश दत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करीब 10:15 बजे कांगड़ा के हवाई अड्डे पर उतरेंगे। जहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके उपरांत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोड शो में हिस्सा लेंगे। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है । उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भाजपा के आसपास कोई भी राजनीतिक दल नहीं है और भाजपा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में फिर से एक बार प्रदेश में सत्तासीन होगी और प्रदेश में रिवाज बदलेगा। उमेश दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा पुन प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इन पंच परमेश्वर सम्मेलनों के जरिए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता संजय शर्मा और मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर एडवोकेट विश्व चक्षु पूरी मौजूद रहे।