Besharam Rang: ‘बेशर्म रंग’ का देसी वर्जन आया सामने, वीडियो देखकर छूट जाएगी हंसी

बेशर्म रंग का एक देसी वर्जन भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गाने को कई लड़कों ने मिलकर रिक्रिएट किया है।

पठान का गाना 'बेशर्म रंग'

बॉलीवुड के किंग कहलाने वाले शाहरुख खान जल्द ही फिल्म ‘पठान’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। हालांकि हाल ही में रिलीज हुए इसके गाने ‘बेशर्म रंग’ पर अब विवाद शुरू हो गया है। गाने में दीपिका के पहने कपड़ों पर कई हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर काफी घमासान देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर इसका विरोध हो रहा है। वहीं दूसरी ओर फैंस समेत इंडस्ट्री के कई लोग इस फिल्म के समर्थन में आ गए हैं।

इस बीच फिल्म के गाने का एक देसी वर्जन भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गाने को कई लड़कों ने मिलकर रिक्रिएट किया है। देसी स्टाइल में फिल्माए इस वर्जन में दीपिका से लेकर शाहरुख खान के हर अंदाज को बहुत ही बारीकी से कॉपी किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का दीपिका पादुकोण बनकर उनकी तरह गाने के स्टेप्स कर रहा है। वहीं, कुछ अन्य लड़के ब्रैकग्राउंड में डांस कर रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद इस पर अब लोगों के कमेंट भी आने लगे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘आशा करता हूं कि इससे कोई आहत नहीं होगा।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘यही ओरिजनल है… पठान की टीम ने इसे कॉपी किया है। कुछ तो छोड़ दो यार…।’ इसके अलावा बहुत से यूजर्स इस वीडियो पर लॉफिंग इमोजी शेयर कर रहे हैं।

बता दें कि 12 दिसंबर को रिलीज हुआ यह गाना अभी भी यूट्यूब के ट्रेंडिंग पर है। अब तक ‘बेशर्म रंग’ पर 5.9 करोड़ व्यूज आ चुके हैं। इस गाने को शिल्पा राव ने गाया है। वहीं, इसे विशाल-शेखर की जोड़ी ने संगीत से सजाया है। एक्शन से भरपूर यह फिल्म 25 जनवरी 2023 को रिलीज होगी।