बिलासपुर : सर्किट हाउस में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुनी जन समस्याएं

 सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर बिलासपुर जिला के दौरे पर हैं। शनिवार को उनके दौरे का दूसरा दिन है। उन्होंने सर्किट हाउस में सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याएं सुनी। जिसके बाद भाजपा कार्यालय में कार्यकताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की। बूथ लेवल पर लोगों को पार्टी से जोड़ने के निर्देश देते हुए अनुराग ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स भी दिए हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते अनुराग ठाकुर

वहीं पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही खुद को अनफॉर्चुनेट सांसद मान चुके है। अब न्यायालय ने उन्हें अयोग्य सांसद करार दे भी दिया है तो इसमें विपक्ष द्वारा संसद में हंगामा करने की कोई जरूरत नहीं थी। वहीं अनुराग ठाकुर ने कहा कि संसद में सत्ता पक्ष जहां अपनी उपलब्धियों को बताता है। वहीं विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने का काम करता हैं।

मगर ऐसा पहली मर्तबा हुआ है कि एक व्यक्ति एक परिवार के लिए विपक्ष ने सदन की बलि चढ़ा दी। इससे साफ होता है कि विपक्ष के लिए केवल एक परिवार जनता, संसद व देश के कानून से बड़ा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पिछड़े वर्ग का मजाक उड़ाने का काम किया है। मगर आज तक उन्होंने इस वर्ग से माफी मांगना भी मुनासिफ नहीं समझा। जिससे उनके अहंकार का पता चलता है व आने वाले समय में यही अहंकार कांग्रेस पार्टी को ले डूबेगी।

वहीं 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव को लेकर अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने व जनता का पूर्ण समर्थन मिलने की बात कही है।