प्रदेश में लोगों के स्वास्थ्य पर बीजेपी सरकार ने खर्च किए 528 करोड़: तरुण

राजनीति

प्रदेश में लोगों के स्वास्थ्य पर बीजेपी सरकार ने खर्च किए 528 करोड़

5 लाख मरीजों का हुआ निशुल्क इलाजकुल्लू : हिमाचल के लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य लाभ मिल सके इसके लिए प्रदेश व केंद्र के बीजेपी सरकार ने मिलकर 528 करोड रुपए खर्च किए हैं और 5 लाख मरीजों का निशुल्क इलाज हुआ है। कुल्लू में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता तरुण विमल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की और हिमाचल प्रदेश को भी इसका लाभ मिला है। तरुण विमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आयुष्मान भारत के तहत 4 लाख 32 परिवारों को पंजीकृत किया गया और 1 लाख 60 परिवारों के इलाज पर 202 करोड़ रुपए खर्च किए गए। प्रवक्ता तरुण विमल ने बताया कि जो लोग आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं ले पाए। उसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिम केयर योजना लाई। प्रदेश में 6 लाख 28 हजार परिवार इस योजना के तहत पंजीकृत किए गए और 3 लाख 42 हजार लोगों का इलाज किया गया। जिस पर प्रदेश सरकार के द्वारा 326 करोड़ रुपए खर्च किए गए। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में 5 लाख मरीजों का निशुल्क इलाज हुआ और 528 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई।

प्रवक्ता तरुण विमल ने बताया कि कांग्रेस की सरकार झूठे वादे करती है लेकिन भाजपा ने जनता के बीच जो वादे रखें। उन्हें पूरा किया गया है। हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य में भी केंद्र सरकार के द्वारा बिलासपुर में एम्स खोला गया और उस पर भी पंद्रह सौ करोड़ रुपए का खर्च किया गया। एम्स खुलने के बाद अब लोगों को अपने इलाज के लिए बाहरी राज्यों का रुख नहीं करना होगा। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों को भी केंद्र सरकार के द्वारा 510 करोड़ रुपए की आर्थिक रूप से मदद की गई और ऊना में पीजीआई के सेटेलाइट केंद्र को भी 450 करोड़ रुपए की राशि केंद्र सरकार के द्वारा दी जा रही है। भाजपा मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता तरुण विमल ने बताया कि आज गरीबों को अपने बीमार होने पर इलाज की चिंता नहीं रहती है। क्योंकि डबल इंजन की सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। ऐसे में प्रदेश की जनता केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यों से काफी खुश है।