भाजपा प्रदेश में कर रही तोड़-फोड़ की राजनीति : युवा कांग्रेस

भाजपा प्रदेश में कर रही तोड़-फोड़ की राजनीति : युवा कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं को डरा धमका कर भाजपा में किया जा रहा शामिल
मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
कहा – विभिन्न एजेंसियों के दुरुपयोग से लोकतंत्र को खतरा है भाजपा
केंद्रीय राज्य मंत्री मिनाक्षी द्वारा विपक्ष की तुलना असुरों से करने की निंदा

मंडी : हिमाचल प्रदेश में जैसे जैसे विधानसभा के चुनावों का समय नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे ही राजनैतिक सरगरमियां और आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने भी प्रदेश व केंद्र की सरकार को आड़े हाथों लिया है। शनिवार को मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र के लिए विपक्ष का होना जरूरी है लेकिन भाजपा केंद्र और प्रदेश स्तर पर कांग्रेस के नेताओं को अपनी ओर कर तोड़-फोड़ में लगी हुई है जो कि सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार केंद्र के दम पर कांग्रेस नेताओं को विभिन्न जांच एजेंसियों का डर दिखाकर अपने खेमे में कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री मिनाक्षी लेखी के द्वारा विपक्ष की तुलना असुरों से करने की भी कड़ी निंदा की है। साथ ही राजेंद्र ने पूछा कि अगर विपक्ष असुर होते हैं तो क्या भाजपा ने बीते 70 वर्षों में कितने असुरों की फौज बनाई है जिसके मुखिया नरेंद्र मोदी बने बैठे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र और प्रदेश में जन कल्याण को छोड़ ओछी राजनीति करने में लगी है जिसका जवाब भाजपा को आने वाले विधानसभा के चुनावों में देखने को मिलेगा। युवा कांग्रेस प्रवक्ता राजेंद्र ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अभी भी एक मजबूत पार्टी है जिसे भाजपा कई प्रकार के हथकंडे अपनाकर कमजोर करने का प्रयास कर रही है।