भाजपा ने चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन, कांग्रेस सरकार पर लगाए फर्जी वोट बनाने के आरोप

शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा कांग्रेस सरकार पर फर्जी वोट बनाने के आरोप लगा रही है। इसको लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। साथ ही उचित कार्रवाई करने की मांग की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि शिमला नगर निगम के चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर फर्जी वोट बना रहीं हैं। मंत्रियों की कोठियों से 20- 20 वोट बनाएं जा रहे हैं। हजारों की संख्या में फर्जी वोट बनाए गए हैं। भाजपा के लोगों के वोट नहीं बनाए जा रहे हैं। रोस्टर में भी गड़बड़ी की गई है।

2017 के चुनावों में भी 34 वार्डो में ही चुनाव हुआ था, इसलिए उसी रोस्टर को अब लागू करना चाहिए था। लेकिन सरकार ने अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के मकसद से रोस्टर बनाया गया है।

इसके अलावा सुरेश कश्यप ने कहा कि जल्द ही नगर निगम शिमला के लिए सभी प्रत्याशियों का नाम भी फाइनल कर दिया जाएगा। 12 अप्रैल को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद नामों की घोषणा की जाएगी। आम जनता की राय के बाद जिताऊ चेहरों को टिकट दिया जाएगा।