पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस ने लगाया रक्तदान शिविर

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर हिमाचल कांग्रेस की ओर से पूरे प्रदेश में विकास दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जोगिंदरनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राकेश धरवाल की अध्यक्षता में स्थानीय राम कला मंच पर एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वीरभद्र सिंह की तस्वीर पर फूल अर्पित करके ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जोगिंदरनगर ने उनको याद किया। रक्तदान शिविर में क्षेत्र के लोगों ने शामिल होकर रक्तदान किया।

इस शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के 25 लोगों ने रक्तदान किया। डॉ राकेश ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह आधुनिक हिमाचल के निर्माता और विकास पुरुष थे। उनको आने वाली पीढ़ियां उनके द्वारा पूरे प्रदेश में किए गए एक समान विकास कार्य को हमेशा याद रखेंगी और वीरभद्र सिंह हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।

उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे और साथ ही विभिन्न केंद्र सरकारों में भी अलग-अलग मंत्री पद पर काम किया। उन जैसे नेता विरले ही पैदा होते हैं और उनकी कमी प्रदेश की जनता को हमेशा खलेगी। उन्होंने अपने दशकों के कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के संपूर्ण प्रदेश के विकास पर जोर दिया और सद्भावना,  समानता के साथ लोगों की परेशानियों को सुना और उनका तुरंत निवारण किया।

पिछले साल जिस समय वीरभद्र सिंह अनंत के सफर पर निकले थे तो शिमला में उनके सरकारी आवास होली लॉज के बाहर खड़े एक बुजुर्ग ने रुंधे हुए गले से कहा था-वीरभद्र सिंह राजनीति के राजा थे और हमेशा रहेंगे. ये शब्द एक ऐसे समर्थक के थे, जिसे सत्ता के गलियारों में बेशक कोई न पहचाने लेकिन ये आम जन से लेकर खास जन की भावना थी। इस पहाड़ी प्रदेश की नींव हिमाचल निर्माता डॉक्टर वाईएस परमार ने रखी और वीरभद्र सिंह ने उस नींव पर विकास का मजबूत ढांचा खड़ा किया। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर में देश के विभिन्न प्रधानमंत्रियों के साथ काम किया और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जोगिंदरनगर ऐसे महान नेता को शत शत नमन करती है और उनके द्वारा दिखाए गए विकास के रास्ते पर चलने का प्रण लेती है। इस अवसर पर जीवन ठाकुर, राकेश चौहान, अजय ठाकुर, लकी ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, कालिदास ठाकुर, विंकल, पान सिंह, ममता कपूर, शीला देवी, ताराचंद ठाकुर, अजय सारली, उमेश ठाकुर, सौरव ठाकुर, पंकज ठाकुर, अश्वनी, साहिल इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।