मुबारिकपुर में चुनावों के बीच हुई खूनी झड़प

मुबारिकपुर में चुनावों के बीच हुई खूनी झड़प

पुलिस को दोनों दलों ने दर्ज करवाई शिकायत,
भाजपा ने गगरेट अस्पताल से मुख्य चौराहे तक किया रोष प्रदर्शन।

गगरेट : विधानसभा क्षेत्र गगरेट में चुनावों के मध्य भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में हुई खूनी झड़प से माहौल गर्मा गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे मुबारिकपुर क्षेत्र में झंडे लगाने को लेकर भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ही दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए। पहले कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं से मारपीट हुई, जिसमें कांग्रेस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। उधर, भाजपा ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। भाजपा गगरेट के मंडल अध्यक्ष सतपाल व भाजयुमो अध्यक्ष सन्नी पटियाल की अगुवाई में भाजपा ने गगरेट अस्पताल से लेकर बाजार तक रोष प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गगरेट भाजपा के मंडल अध्यक्ष सतपाल ने बताया कि चुनावी सीजन में इस प्रकार के लड़ाई झगड़े कतई बर्दाशत नहीं किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो। वहीं, डीएसपी वसुधा सूद ने कहा कि दो पक्षों में मारपीट की शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।