पुलिस कॉलोनी में सेंधमारी, छह घरों के ताले टूटे, विधायक के पीएसओ की पिस्टल ले गए चोर

रतलाम के जावरा में 24वीं बटालियन में आधा दर्जन क्वार्टरों के ताले टूटे हैं। सैलाना विधायक हर्षविजय गहलोत के सुरक्षा अधिकारी लक्ष्मणसिंह भूरिया की पिस्टल भी चोरी हुई है।

रतलाम के जावरा में पुलिस कॉलोनी में चोरी का मामला सामने आया है।
रतलाम के जावरा में पुलिस कॉलोनी में चोरी का मामला सामने आया है।

रतलाम जिले के जावरा में 24वीं बटालियन में दिवाली से पहले की रात आधा दर्जन क्वार्टरों के ताले टूटे हैं। बटालियन में चोरी के बाद पूरे परिसर में हडक़ंप है। ज्यादातर क्वार्टर खाली थे। उनमें कुछ नहीं गया। हालांकि, सैलाना विधायक हर्षविजय गहलोत के पीएसओ लक्ष्मणसिंह भूरिया के क्वार्टर से उसकी पिस्टल चोरी हुई है। अति-सुरक्षित क्षेत्र में चोरी की वारदात ने पुलिस और बटालियन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं

सैलाना विधायक हर्षविजय गहलोत का पीएसओ लक्ष्मणसिंह भूरिया एक दिन पहले ही विधायक के यहां से छुट्टी पर आया था। रविवार को अपने झाबुआ जिला स्थित मुख्य निवास पर दीपावली मनाने के लिए गया था। अपनी पिस्टल क्वार्टर पर ही छोड़कर चला गया। सोमवार सुबह जैसे ही क्वार्टरों के ताले टूटने  की जानकारी लगी तो एक के बाद एक ताले चेक करने पर करीब एक दर्जन क्वार्टरों के ताले टूटे हुए मिले। इसमें पीएसओ भूरिया के क्वार्टर का ताला भी टूटा हुआ था। दोपहर में वे भी बटालियन पहुंचे। पता चला कि उनकी पिस्टल बदमाश क्वार्टर का ताला तोडक़र ले गए हैं। शहर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बटालियन के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जा रहा है।

रतलाम एसपी अभिषेक तिवारी का कहना है कि बटालियन में कुछ जवान परिवारों के साथ रहते हैं। कुछ जवान अकेले। परिसर में चार-पांच जगह ताले टूटे हैं। उनमें से कोई सामान नहीं गया है। सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत के पीएसओ लक्ष्मण भूरिया की पिस्टल चोरी हुई है। जावरा सीएसपी अभिषेक आनंद ने कहा कि चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। हम जल्द ही आरोपियों को पकड़़ लेंगे।